लुधियाना। लुधियाना में विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को पक्खोवाल के ब्लॉक विकास और पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) गुरमुख सिंह को 30 हजार रुपए रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में दबोचा है। एसएसपी रविंद्रपाल सिंह संधू ने कहा कि आरोपी पंचायत अधिकारी को ब्लॉक पक्खोवाल, लुधियाना में तैनात पंचायत सचिव परमजीत सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता पंचायत सचिव परमजीत सिंह ने विजिलेंस से संपर्क किया था और आरोप लगाया कि उक्त अधिकारी उक्त कार्यालय में कार्यरत तीन अन्य पंचायत सचिवों के साथ उनका वेतन जारी करने के लिए 35000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है। अब उन्होंने चंदा एकत्र करके 30 हजार रुपए जुटा लिए हैं, लेकिन रिश्वत नहीं देना चाहते थे। एसएसपी संधू ने कहा कि कि इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया, जिसमें आरोपी बीडीपीओ को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा।
Vigilance-Arrested-Bdpo-For-Taking-Rs-30000-Bribe-Had-Demanded-Money-In-Exchange-For-Releasing-The-Salaries-Of-Panchayat-Secretaries