खन्ना। पंजाब में भाजपा के बूथ सम्मेलन में BJP के नेता ही आपस में भिड़ गए। यह बहस माइक को लेकर हुई। हंगामे से शुरू हुई बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद स्टेज पर डंडे, कुर्सियां और टेबल फेंकने शुरू कर दिए गए। जिस समय मीटिंग में हंगामा हुआ, स्टेज पर भाजपा पंजाब प्रवक्ता हरजीत सिंह ग्रेवाल भी मौजूद थे। यह सम्मेलन फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट के लिए खन्ना के पायल में कराया जा रहा था। इस सम्मेलन को हरजीत ग्रेवाल ने संबोधन किया तो मंच से भाजपा नेता जतिंदर शर्मा धन्यवाद करने लगे। इसी बीच फतेहगढ़ साहिब से टिकट के दावेदार गुलजार सिंह ने उन्हें बोलने का समय न देने पर विरोध किया। इसी पर हंगामा हो गया। स्टेज पर मौजूद कुछ अन्य नेताओं ने गुलजार सिंह से बहस की। बहस के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। डंडे चलने लगे, मेज उठाकर मारने की कोशिश की गई। वहीं, आरोप लगाया गया कि गुलजार सिंह ने गाली दी है। जब स्टेज पर हंगामा हो रहा था तो इसे कंट्रोल करने के बजाय हरजीत ग्रेवाल मंच छोड़कर पीछे निकल गए। वह मैरिज पैलेस के कमरे में चले गए। मीडिया से बातचीत भी बंद कमरे में की गई। सम्मेलन में हंगामे पर ग्रेवाल ने कहा कि यह किसी की शरारत है। गुलजार सिंह हमारा वर्कर नहीं है। हमें नहीं पता कि वह मीटिंग में कैसे आ गया। मीटिंग में आकर उसने माहौल खराब किया है। वहीं, बूथ सम्मेलन में पुलिस सिक्योरिटी भी लगी थी। DSP निखिल गर्ग खुद मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मीटिंग में झगड़ा हो गया था। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली। इस मीटिंग के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष भूपिंदर सिंह चीमा ने किसी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन सफल हुआ।
Leaders-Clashed-In-Bjps-Booth-Conference-In-Payal-Chairs-And-Tables-Moved-Heavily-State-Spokesperson-Slipped