कपूरथला के जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी ने देर शाम पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर टीम सहित पहुंचे डीएसपी हरप्रीत सिंह ने मामले की जांच गंभीरता से शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि उक्त क्लर्क ने कंप्यूटर की तारों को पंखे से बांधकर आत्महत्या की है। मृतक की पहचान शेखूपुर निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। जो कि शिक्षा विभाग में बतौर क्लर्क काम करता था।
जानकारी अनुसार कपूरथला के जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स की चौथी मंजिल पर कमरा नंबर 409 में शनिवार देर शाम शिक्षा विभाग के क्लर्क का शव पंखे से लटकता हुआ देखा गया। जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलने के बाद डीएसपी सब डिवीजन हरप्रीत सिंह व सदर थाना पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि उक्त कर्मी के शव को कब्जे में ले लिया है। फ़िलहाल आत्महत्या करने के कारण का कुछ पता नहीं चल सका है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।
DSP हरप्रीत सिंह ने यह भी बताया कि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मामले की जांच के उपरांत तथा परिजनों के बयान के आधार पर जो भी कार्रवाई होगी वह अंजाम में लाई जाएगी।
Education-Department-Employee-Committed-Suicide-Hanged-Himself-With-Computer-Wires-Lived-In-Administrative-Complex