अमृतसर। अमृतसर में कांग्रेस के उम्मीदवार गुरजीत औजला की चुनावी रैली में जा रहे वर्करों पर कुछ अज्ञात युवकों ने गोलियां चला दी। जिसमें कार्यकर्ता घायल हुए हैं। आरोपी गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। गुरजीत औजला ने आचार संहिता के बीच फायरिंग किए जाने की निंदा की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार व मौजूदा मंत्री कुलदीप धालीवाल पर भी सवाल उठाए हैं। औजला ने कहा कि धालीवाल के कहने पर आम आदमी पार्टी (AAP) के गुंडों ने फायरिंग की है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरजीत औजला अजनाला में चुनावी सभा कर रहे थे। AAP के मंत्री कुलदीप धालीवाल इसी हलके अजनाला से विधायक हैं। गुरजीत औजला का कहना है कि उनके वर्करों को गांवों से ना निकलने की धमकियां दी गई। जब उनके कार्यकर्ता निकले तो उन पर कुछ युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उनका एक वर्कर घायल हुआ है। औजला ने आरोप लगाया है कि फायरिंग करवाने वाला कुलदीप धालीवाल का रिश्तेदार है। वे उनके वर्करों को गांव से ना निकलने और चुनावी सभा में ना जाने की धमकियां दे रहा था। उनके वर्करों पर कुलदीप धालीवाल के गुंडों ने ही फायरिंग की है। औजला ने इस दौरान पुलिस को गोलियों के खोल भी इकट्ठे करके दिए। घायल युवक के हाथ पर गंभीर चोट आई है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इसके बाद पंजाब सरकार और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। औजला का कहना है कि इस माहौल में कोई चुनाव कैसे करवा सकता है। एक तरफ उनके सभी कार्यकर्ताओं व उनके हथियार जब्त हैं, वहीं दूसरी तरफ सत्ताधारी पार्टियों की तरफ से फायरिंग करवाई जा रही है। गुरजीत औजला जल्द ही इस मामले को लेकर प्रेस कान्फ्रेंस करने वाले हैं।
Firing-During-Congress-Candidates-Rally-In-Punjab-Congress-Worker-Injured-By-Bullet-Aujla-Said-Aap-Candidates-Goons-Opened-Fire