जालंधर | गढ़ा स्थित वाल्मीकि मोहल्ले में गुरुवार को एक युवक पर कुछ युवकों ने लात-घूंसों और किरपाण से हमला कर दिया। गली में युवक को घेरकर पीटा जा रहा था, तभी पास मौजूद एक कुत्ता हमलावरों पर झपट पड़ा। कुत्ते के बीच में आने से हमलावर पीछे हटने पर मजबूर हो गए और युवक की जान बच गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। युवक को अकेला देखकर कई नौजवान उस पर धावा बोल देते हैं। नौजवान उसे लात-घूंसों से पीटते हैं। एक हमलावर हाथ में किरपाण लेकर वापस आता है और उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगता है। जब युवक को मारा जा रहा था, तब पास मौजूद एक कुत्ते ने उसकी जान बचाने के लिए हमलावर पर छलांग लगा दी। कुत्ते ने हमलावर को उलझाए रखा और उसे पीछे हटने पर मजबूर किया। कुत्ते के लगातार भौंकने और हमला करने के कारण हमलावर घबरा गया। खुद का बचाव करते हुए वह किरपाण लहराते हुए मौके से फरार होने में कामयाब रहा। हमले में युवक बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एडीसीपी माध्वी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तुरंत बीएनएस की धारा 108 सहित सख्त धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। यह घटना आपसी रंजिश के चलते हुई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
Dog-Saves-Young-Man-s-Life-Attackers-Were-Raining-Blows-With-A-Kirpan-Kicks-And-Punches-In-The-Street-When-The-Dog-Lunged-At-Them