लुधियाना। लुधियाना के बहादुरके रोड पर एक तेज रफ्तार टियागो इलेक्ट्रिक का कहर देखने को मिला। कार इतनी तेज थी कि बाइक सवार टक्कर के बाद करीब 15 फीट हवा में उछलकर दूर सड़क पर गिरा। इसके बाद बेकाबू कार आगे से आ रहे 2 ई-रिक्शा और एक्टिवा को भी टक्कर मारती है। ई-रिक्शा पूरी तरह पलट गया। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। हादसे में 5 लोग बुरी तरह घायल हो गए। जख्मियों को सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया। मामले की सूचना मिलने पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार ड्राइवर को भी पकड़ लिया है। घटना गुरुवार शाम 4 बजे के करीब की है। बहादुरके रोड पर सफेद रंग की टियागो EV तेज रफ्तार में सामने से आती है। कार साइकिल और बाइक सवार को सीधे टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर हवा में चला गया और करीब 30 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। पहली टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी। बेकाबू कार सामने से आ रहे 2 ई-रिक्शा और एक्टिवा से जा भिड़ी। टक्कर लगने से एक ई-रिक्शा सड़क पर पूरी तरह पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए पहुंचे।