ई न्यूज पंजाब, लुधियाना जिस लिहाज राज्य के विभिन्न हिस्सों में हथियारों की बरामदगी का सिलसिला जारी है, उससे साफ दिखाई दे रहा है कि सीमा पार से आतंकवादी संगठन पंजाब में किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम दे सकते हैं। मंगलवार को एक बार फिर से अमृतसर के फिरोजपुर सेक्टर में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई को एक सूचना के आधार पर अंजाम दिया और नाकाबंदी दाैरान तीन बदमाशों को काबू किया है। इन तीनों बदमाशों को पुलिस ने पहले रुकने का इशारा किया, तो पुलिस पर फायर कर उक्त बदमाशों ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने जवाबी फायर करते हुए बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों से पूछताछ करने के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच एके 47 राइफल बरामद की, साथ ही इनके पास से तीन पिस्तौल और पांच किलो हेरोइन भी बरामद हुई है। इस दौरान एसटीएफ के एआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि बदमाशों के पास से दस मैग्जीन, 200 गोलियां भी मिली हैं। इन तीनों लोगों की गिरफ्तारी स्पेशल टास्क फोर्स और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने फिरोजपुर सेक्टर से 24 सितंबर को की थी। पंजाब में एकत्र किए जा रहे हथियार पुलिस को आशंका है कि सभी हथियार और हेरोइन पाकिस्तान से भेजे गए हैं। पुलिस ये भी कयास लगा रही है कि आतंकवादी पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में ये हथियार जमा कर रहे हैं और इन हथियारों के जरिए ही या देश में आतंक फैलाने की बड़ी साजिश रची जा सकती है। कुछ दिनों पहले ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था और साथ ही दो ड्रोन पकड़े थे, जिसके जरिए पाकिस्तान से हथियार भेजे जा रहे थे. यह दोनों ही ड्रोन चाइना मेड थे।
Five AK 47 rifle recovered from three miscreants