चंडीगढ़। वारिस पंजाब दे के चीफ अमृतपाल की तलाश में पुलिस का ऑपरेशन लगातार चौथे दिन भी जारी है। जिस बाइक से वह भागा, उसे पुलिस ने बुधवार को बरामद कर लिया। बाइक जालंधर से करीब 45 किलोमीटर दूर दारापुर इलाके में लावारिस हालत में मिली। उधर, पुलिस ने दोपहर लगभग 12 बजे अमृतसर के जल्लूपुर खेड़ा गांव में अमृतपाल की मां से करीब एक घंटे पूछताछ की। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि पूछताछ किस मामले को लेकर की गई है। पुलिस का कहना पत्नी बब्बर खालसा की मेंबर अमृपताल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर NRI है। वह बब्बर खालसा की एक्टिव मेंबर है। एक सीनियर ब्रिटिश खुफिया अफसर ने भास्कर को बताया कि किरणदीप बब्बर खालसा के लिए फंड जुटाती है। 2020 में उसे और 5 लोगों को बब्बर खालसा के लिए पैसे जुटाने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। वह ब्रिटेन से खालिस्तान मूवमेंट के लिए फंडिंग कर रही थी। अमृतपाल ने हुलिया बदला, दाढ़ी छोटी की एक दिन पहले यानी मंगलवार को अमृतपाल की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें उसका हुलिया बदला हुआ है। उसने दाढ़ी कटवा ली है, पारंपरिक सिख बाणा उतार दिया है और पगड़ी में हैं। शर्ट और जींस में बाइक पर बैठा दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक, अमृतपाल ब्रेजा कार से नंगल अंबिया गांव पहुंचा। यहां उसने गुरुद्वारे के ग्रंथी को बंधक बनाया और यहीं पर हुलिया बदला। इसके बाद वह बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने ब्रेजा कार शाहकोट में मनप्रीत मन्ना के घर से बरामद की है। मन्ना को अमृतपाल का मीडिया एडवाइजर बताया जा रहा है। उसके अलावा गुरदीप दीपा, हरप्रीत हैप्पी और गुरभेज भेज्जा की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। ब्रेजा कार से राइफल, वॉकी टॉकी और तलवारें जब्त की गई हैं। अमृतपाल ने इनका इस्तेमाल किया था। आखिरी बार वह ब्रेजा में सवार हुआ। अंतिम लोकेशन फिरोजपुर-मोगा सड़क अमृतपाल सिंह की अंतिम लोकेशन फिरोजपुर-मोगा रोड की तरफ की है। CCTV में वह अंतिम बार वहां स्पॉट हुआ है। इसके आगे की जांच अभी पुलिस कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार CCTV फुटेज में वह फिरोजपुर की तरफ मुड़ गया है। नंगल अंबिया गांव से यह सड़क फिरोजपुर और मोगा दोनों रास्तों पर मिलती है। अमृतपाल बठिंडा या राजस्थान भी निकल सकता है। ग्रंथी को बंधक बनाने पर केस दर्ज ग्रंथी के बयानों के आधार पर पुलिस ने अमृतपाल सिंह पर एक और मामला दर्ज किया है। ग्रंथी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे को देखने के लिए लड़की वाले आ रहे थे। ग्रंथी ने समझा कि अमृतपाल लड़की पक्ष की ओर से है। उन्होंने उसे अंदर बुला लिया। ग्रंथी की पत्नी नरिंदर कौर ने बताया कि हथियारों के बल पर उन्हें एक घंटे तक बंदी बना कर रखा गया। उनके पास पिस्तौल, राइफलें, तलवारें भी थीं। अमृतपाल फोन पर किसी को बुला रहा था। अमृतपाल ने उनके बेटे के ही कपड़े पहने और तकरीबन एक घंटे बाद वहां से चला गया। अब तक 154 हिरासत में इस पूरे मामले में अमृतपाल सिंह के साथियों के अलावा भागने में उसकी मदद करने वाले कुल 154 लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं। पुलिस इस पूरे मामले में किसी को बख्शने के मूड में नहीं है। पकड़े गए आरोपियों के अलावा पुलिस अब अमृतपाल सिंह के पारिवारिक सदस्यों के बारे में भी जानकारियां हासिल करना शुरू हो गए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को देश की विभिन्न जेलों में भेजने की प्लानिंग है, जिसके लिए 13 जेलें आइडेंटिफाई की जा चुकी हैं। देश के लिए खतरा तो पकड़ा क्यों नहीं - हाईकोर्ट पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने मंगलवार को सरकार से पूछा कि जब एफिडेविट में अमृतपाल को देश के लिए खतरा बताया तो उसे अभी तक पकड़ा क्यों नहीं गया? जवाब: पंजाब सरकार के एडवोकेट जनरल विनोद घई ने कहा कि अमृतपाल अभी फरार है। उस पर NSA लगाया गया है। AG ने कहा कि बहुत सी बातें वह यहां नहीं बता सकते। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से कहा कि आपके 80 हजार पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे। साथी पकड़े गए तो अमृतपाल कैसे भाग गया। यह आपका इंटेलिजेंस फेलियर है। 4 दिन बाद फिर इस मामले की सुनवाई होगी।
British Officer Claims Amritpals Wife A Member Of Babbar Khalsa Raises Funds Interrogates Mother For 1 Hour High Court Says Intelligence Proved To Be Failure