कुरुक्षेत्र। वारिस पंजाब दे के चीफ खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के बारे में पुलिस की जांच में नया खुलासा हुआ है। अमृतपाल पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा है। यहां तक कि उसका दुबई से पंजाब आने से लेकर नशा छुड़ाओ केंद्र खोलने तक सब ISI का प्लान था। अब भी फरारी में ISI के एजेंट गुपचुप तरीके से उसे सिक्योरिटी दे रहे हैं। उसने जल्लूपुर खेड़ा में फायरिंग रेंज बनाई। जिसमें युवाओं को हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने के लिए पूर्व सैनिक रखे थे। ये वे सैनिक थे, जिन्हें बुरे बर्ताव के कारण सेना से निकाल दिया गया। वहीं पुलिस सूत्रों से मिली नई CCTV फुटेज में अमृतपाल शाहाबाद के बाद अब कुरुक्षेत्र के पिपली बस स्टैंड पर नजर आया है। जिसमें वह पपलप्रीत के साथ छाता लेकर जाता नजर आ रहा है। यहां से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए बसें जाती हैं। अमृतपाल के अब उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने का शक है। इसके लिए उत्तराखंड में हाई अलर्ट और नेपाल बॉर्डर पर मुस्तैदी बढ़ा दी गई है। ट्रेनिंग देने वाले 2 पूर्व फौजियों की पहचान पुलिस ने ट्रेनिंग देने के केस में 2 पूर्व सैनिकों 19 सिख बटालियन से रिटायर्ड वरिंदर सिंह और थर्ड आर्म्ड पंजाब के तलविंदर की पहचान की। पुलिस ने दोनों के आर्म्स लाइसेंस रद कर दिए हैं। पुलिस जांच के मुताबिक अमृतपाल ने पंजाब आते ही ऐसे विवादित पूर्व सैनिकों को ढूंढना शुरू कर दिया। उनके पास पहले ही आर्म्स लाइसेंस होता है, ऐसे में उनके जरिए ट्रेनिंग दिलवानी आसान रहती। उत्तराखंड में लगे अमृतपाल के पोस्टर पंजाब से भागे अमृतपाल सिंह के अब हरियाणा के बाद उत्तराखंड पहुंचने का शक है। पुलिस का अनुमान है कि उसकी अगली कोशिश नेपाल बॉर्डर क्रॉस करने की है। जिसके बाद उत्तराखंड में अमृतपाल सिंह, मीडिया एडवाइजर पपलप्रीत सहित 5 साथियों के पोस्टर लगा दिए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ नेपाल बॉर्डर पर भी BSF को अलर्ट रहने के लिए कह दिया गया है। इसके साथ-साथ सभी गुरुद्वारों की चेकिंग की जा रही है। बलजीत के फोन से सभी डाटा किया डिलीट पुलिस से बचकर भागा अमृतपाल सिंह दो दिन तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रुका था। पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार अमृतपाल सिंह कुरुक्षेत्र में बलजीत कौर नाम की महिला के पास ठहरा था, जिसे गिरफ्तार किया जा चुका है। अमृतपाल 19 मार्च की रात को शाहाबाद में बलजीत कौर के घर रुका था। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला अमृतपाल के साथ-साथ चल रहे पपलप्रीत को ढाई साल से जानती है। पपलप्रीत पहले भी दो बार उसके पास आकर ठहर चुका है। पुलिस बलजीत कौर से अमृतपाल को लेकर पूछताछ कर रही है। जाते हुए अमृतपाल व पपलप्रीत ने बलजीत कौर के फोन से सभी सोशल मीडिया लिंक्स व कॉल को डिलीट कर दिया है, लेकिन अब पुलिस बलजीत कौर के मोबाइल की फोरेंसिक जांच करवा रही है। अमृतपाल के पंजाब से बाहर निकल जाने के पुख्ता सबूतों के बाद उत्तराखंड और नेपाल बॉर्डर पर सतर्कता को बढ़ा दिया गया है। अमृतपाल का साथी दिल्ली से पकड़ा वहीं खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के एक साथी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अमित के रूप में हुई है, जिसे दिल्ली के तिलक विहार से काबू किया गया है। वह अमृतपाल सिंह के संपर्क में था। पंजाब और दिल्ली पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर उसे काबू किया। उसे पूछताछ के लिए पंजाब लाया गया है।
Amritpal Seen Hiding Under An Umbrella At Kurukshetra Bus Stand Suspected Of Absconding Uttarakhand Former Soldiers Were Giving Training In Firing Range