चंडीगढ़। वारिस पंजाब दे के चीफ खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की आठवें दिन भी तलाश हो रही है। इस बीच पंजाब पुलिस की कुछ टीमें दिल्ली पहुंची हैं। ISBT कश्मीरी गेट में पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी लगी हैं, जिसे अभी वायरल नहीं किया जा रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन सीसीटीवी में अमृतपाल सिंह साधु के भेष में नजर आया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस और पंजाब पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन दिल्ली में शुरू किया है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। वहीं हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बड़ा दावा किया है। विज ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन पंजाब पुलिस ने शाहाबाद पहुंचने तक डेढ़ दिन लगा दिया। पंजाब पुलिस अमृतपाल को जालंधर वाली साइड में तलाश कर रही थी और अमृतपाल शाहाबाद में रोटी खा रहा था। विज ने कहा कि हमें जब सूचना मिली तो हमने पंजाब पुलिस को उसी वक्त बता दिया। विज ने कहा कि मोस्ट वांटेड के मामले में भी पंजाब सरकार की सुस्ती स्पष्ट नजर आ रही हैं। हरियाणा पुलिस अमृतपाल सिंह का डेफिनेट लिंक बता रही है और पंजाब पुलिस यहां नहीं आ रही। इससे पंजाब सरकार के राजनीतिक ड्रामे का पता चलता है। इंदौर में व्यक्ति गिरफ्तार इंदौर में सुक्खा नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया है। कुरुक्षेत्र में पकड़ी गई महिला बलजीत कौर के फोन से इसी व्यक्ति को फोन किया गया था। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुक्खा अमृतसर का ही रहने वाला है और पिछले कुछ समय से इंदौर में शिफ्ट हुआ था। गौरतलब है कि अमृतपाल 19 मार्च की रात को कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में महिला बलजीत कौर के घर रुका था। उसकी शाहाबाद और कुरुक्षेत्र बस स्टैंड की CCTV तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। देहरादून में एक महिला को हिरासत में लिया वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने अमृतपाल की खोज उत्तराखंड में शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने शुक्रवार उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दबिश दी है। सूत्रों के अनुसार यहां एक महिला को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला अमृतपाल सिंह के साथ सोशल मीडिया के जरिए बीते एक साल से जुड़ी हुई थी। इतना ही नहीं, वह एक बार अमृतपाल सिंह को मिलने पंजाब भी आई थी। यह महिला लंबे समय से अमृतपाल सिंह की पोस्टों को लगातार शेयर करती थी। इस महिला को गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, इसके बारे में पुलिस ने अभी कुछ भी साफ नहीं किया है। पप्पलप्रीत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी अमृतपाल सिंह के साथ-साथ पप्पलप्रीत सिंह के खिलाफ भी चार मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अलावा अब पप्पलप्रीत सिंह के खिलाफ इनकम टैक्स विभाग कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, 2019-20 में पप्पलप्रीत सिंह के खातों में 4,48,868 रुपए अधिक पाए गए थे। जिसके जवाब के लिए पप्पलप्रीत को 14 मार्च को नोटिस देकर 20 मार्च तक पेश होने के लिए कहा था। लेकिन पप्पलप्रीत सिंह 18 मार्च को ही अमृतपाल सिंह के साथ भाग गया। जिसके चलते वह 20 मार्च को इनकम टैक्स विभाग के सामने पेश नहीं हुआ। इनकम टैक्स विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पप्पलप्रीत सिंह 8 से 20 हजार रुपए यूट्यूब और 15 हजार रुपए डेयरी बिजनेस से कमा लेता था।
Amritpal Seen In The Guise Of A Monk At The Delhi Bus Stand Search Operation Started Haryana Home Minister Said Amritpal Remained In Shahbad Punjab Police Came After One And A Half Days