जालंधर। पंजाब के इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की पत्नी रूपिंदर कौर की अपील के बाद पुलिस ने मर्डर केस में आरोपी सुरजन सिंह चट्ठा को गिरफ्तार कर लिया है। रूपिंदर कौर ने करीब 6 महीने पहले सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपील की थी कि चट्ठा जालंधर के करतार पैलेस में है उसे पुलिस तुरंत अरेस्ट करे। उस वक्त पुलिस उसे अरेस्ट नहीं कर पाई थी, लेकिन बीती रात चट्ठा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी देहात मुखविंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि सुरजन चट्ठा पुत्र मोहन सिंह निवासी कोटला भागो (नकोदर) हाल निवासी इंग्लैंड को संदीप नंगल अंबिया के मर्डर की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहात ने बताया कि सुरजनजीत सिंह को गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने सुरजन को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। चट्ठा की गिरफ्तारी को लेकर की गई पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया था आरोप अंबिया की पत्नी रूपिंदर कौर सोशल मीडिया पर लाइव हुई थी। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। रूपिंदर ने कहा था कि उन्होंने SSP को बताया कि संदीप नंगल के मर्डर का आरोपी जालंधर में करतार पैलेस में बैठा है। केस में चट्ठा आरोपी है तो उसे अरेस्ट कर सकते हैं। रूपिंदर ने लाइव होकर कहा था कि उन्होंने SSP को वॉयस संदेश भी भेजा और बकायदा फोन भी किया था। रूपिंदर के मुताबिक पहले जब भी उसने अपने परिवार से केस के बारे पूछा तो वह यही कहते थे कि पुलिस सुरजनजीत सिंह चट्ठा की तालाश कर रही है। SSP ने मांगा था सबूत रूपिंदर कौर ने कहा था कि SSP को फोन करके उसने बताया कि तीन से चार मिनट की ड्राइव करके आरोपी को पकड़ सकते हैं। SSP ने आरोपी को पकड़ने की बजाए यह कहा कि हमें सबूत दो। रूपिंदर ने कहा कि सबूत देखना अदालत का काम है। बाकी पुलिस ने यदि सुरजनजीत सिंह को इस मामले में नामजद किया है तो किसी आधार या सबूत को देखकर ही किया है। यदि बिना सबूत नामजद किया है तो यह सिर्फ एक वाहवाही बटोरने वाला काम है।
Nri Surjan The Conspirator Of Sandeep Ambia Murder Was Arrested When He Started Running The Police Took Him In His Lap