लुधियाना। चंडीगढ़ रोड पर वर्धमान मिल के पास एक्टिवा सवार मां-बेटे को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में 6 साल के बच्चे की मौत हाे गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला अपने बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी। लोगों ने ट्रक ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया। घायल महिला की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह वह नर्सरी क्लास में पढ़ने वाले बेटे विवान (6) को नारायणा स्कूल में स्कूटी पर छोड़ने के लिए जा रही थी। मोनिका भी एक निजी स्कूल में वाइस प्रिंसिपल है। जैसे ही वह वर्धमान पार्क के पास पहुंची तो सरिए से लदे ट्रक के पिछले पहिये ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद एक्टिवा काफी दूर जाकर गिरी। विवान की सिर पर टायर चढ़ने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका के पैरों को टायर ने कुचल दिया। ट्रक ड्राइवर भागने लगा तो लोगों ने उसे मौके से पकड़ लिया। पुलिस को सूचना देने के बाद घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी ड्राइवर को लोगों ने थाना जमालपुर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घटना के बाद विवान के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
Truck Driver Crushed A 6 Year Old Child On Chandigarh Road The Activa Of The Mother Who Was Going To Drop Her Son To School Hit Her