चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत आय से अधिक संपत्ति मामले में जेल से आज बाहर निकलेंगे। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा धर्मसोत को बुधवार की देर शाम जमानत दे दी गई थी। लेकिन जेल प्रबंधन के पास आदेश की कॉपी नहीं पहुंचने के कारण वह रिहा नहीं हो सके थे। साधु सिंह धर्मसोत के पारिवारिक सदस्य वकील के साथ कुछ ही देर में जेल प्रबंधन को जमानती दस्तावेज सौंपेंगे। बीते 3 महीने से धर्मसोत आय से अधिक संपत्ति मामले में जेल में बंद हैं। पंजाब विजिलेंस द्वारा 6 फरवरी को उनके खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। विजिलेंस जांच के अनुसार साल 2016 से 2022 तक धर्मसोत और उनके परिवार की आय 3.27 करोड़ रुपए थी। लेकिन 6.39 करोड़ रुपए अधिक 8.76 करोड़ रुपए खर्च किया गया। मोहाली कोर्ट ने खारिज की जमानत इससे पहले कांग्रेसी नेता साधु सिंह धर्मसोत ने जमानत के लिए मोहाली कोर्ट में याचिका लगाई थी। लेकिन 5 मार्च को मोहाली कोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद धर्मसोत ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। बीती 17 मई को दिन के समय हाईकोर्ट ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था। लेकिन फिर देर शाम धर्मसोत को जमानत दे दी थी। धर्मसोत जंगलात घोटाले में भी गिरफ्तार कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे साधु सिंह धर्मसोत को पंजाब के जंगलात घोटाले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन इस मामले में वह कोर्ट से जमानत पर बाहर हैं। इस मामले में धर्मसोत के अलावा पूर्व जंगलात मंत्री संगत सिंह गिलजियां का नाम भी आ चुका है। आरोप हैं कि उन्होंने प्रति पेड़ कटाई के लिए 500 रुपए रिश्वत ली थी। संगत सिंह गिलजियां पर केस दर्ज कर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया था। पूर्व CM समेत पूर्व कांग्रेसी मंत्री और विधायक मुसीबत में करप्शन मामले में साधु सिंह धर्मसोत के बाद विजिलेंस ने पूर्व कांग्रेसी मंत्री भारत भूषण आशु को भी गिरफ्तार किया था। इसके अलावा पंजाब के पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी से भी पंजाब विजिलेंस आय से अधिक संपत्ति मामले में पूछताछ कर चुकी है। चन्नी भी उन्हें गिरफ्तार किए जाने की आशंका जता चुके हैं। इससे पहले पूर्व विधायक जोगिंदरपाल भोआ को भी अवैध खनन मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। पूर्व विधायक मदनलाल जलालपुर को हाल ही में पंचायती फंड घोटाले में अग्रिम जमानत मिली है।
Former-Minister-Dharamsot-Will-Come-Out-Of-Jail-Today-The-Family-Will-Give-Bail-Paper-To-The-Jail-Staff-Sadhu-Singh-Closed-Since-February