कपूरथला। कपूरथला जिले की तहसील सुल्तानपुर लोधी के थाने में तैनात रहे रिटायर्ड थाना प्रभारी पर भ्रष्टाचार मामले में FIR दर्ज हुई है। आरोप है कि उक्त पुलिस अधिकारी ने दस्तावेजों से छेड़छाड़ करके आरोपी को बेगुनाह साबित करके बरी कर दिया। आरोपी अधिकारी सरबजीत सिंह और बरी किए गए बलविंदर सिंह के खिलाफ थाना सुल्तानपुर लोधी में मामला दर्ज हुआ है। आरोपी बलविंदर सिंह इस समय अमेरिका में है और पूर्व इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह की गिरफ्तारी भी होनी है। मिली जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर लोधी थाना में अक्टूबर 2018 में अमेरिका भेजने के नाम पर साढ़े 10 लाख ठगने का केस दर्ज हुआ। शिकायत कर्ता हाकम सिंह निवासी गांव शाहजहांपुर ने बलविंदर सिंह निवासी गिद्दड़पिंडी और उस्मान बिन अब्दुल्ला उर्फ घनी निवासी हैदराबाद के खिलाफ पंजाब ट्रैवल्स प्रोफेशनल रेगुलेशन-2014 एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि उस समय सुल्तानपुर लोधी में बतौर SHO इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह तैनात था। DSP की जांच में आरोप सही साबित हुए अब हाकम सिंह ने फिर से बयान देते हुए थाना प्रभारी और आरोपी बलविंदर सिंह पर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उस समय थाना प्रभारी रहे सरबजीत सिंह ने ठोस सुबूतों के बावजूद बलविंदर सिंह को बरी कर दिया। SSP कपूरथला ने इस मामले की जांच का जिम्मा DSP सुल्तानपुर लोधी बब्बनदीप सिंह को दिया। जांच में पूर्व थाना प्रभारी सरबजीत सिंह पर आरोप सही पाए गए, जिसमें उसने ठोस सुबूत होने के बावजूद आरोपी बलविंदर सिंह को बरी कर दिया और इसे रजिस्टर में दर्ज भी नहीं किया। मामले की रिपोर्ट DSP सुल्तानपुर लोधी ने SSP को सौंपी, जिसके बाद पूर्व SHO सरबजीत सिंह के खिलाफ 7 पीसी एक्ट और बलविंदर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
Corruption-Case-Filed-Against-Former-Sho-In-Kapurthala-Accused-Acquitted-By-Tampering-With-Papers-Case-Of-Fraud-Of-10-5-Lakhs