लुधियाना| बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने सुबह व शाम के समय 6 विशेष नाके लगाकर 200 से अधिक चालान किए हैं। इस सारी कार्रवाई की कमान खुद ए.सी.पी. ट्रैफिक गुरप्रीत सिंह ने संभाली। बता दें कि राज्य सरकार द्वारा सभी प्रकार के वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए अंतिम समय सीमा 30 जून तय की थी जिसके बाद समय सीमा समाप्त होते ही ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई आरंभ कर दी है। एक जुलाई से ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह कार्रवाई शुरू की गई है तथा सोमवार को इस कार्रवाई को और सख्त कर दिया गया। सोमवार को 200 से अधिक चालान किए गए हैं। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहन को 2 हजार का जुर्माना अदा करना पड़ेगा जबकि दोपहिया वाहन के लिए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की कीमत 191 रुपए तथा कार इत्यादि के 566 रुपए है और ऑनलाइन फीस अदा कर अप्वाइंटमेंट ली जा सकती है। राज्य सरकार से कॉन्ट्रेक्ट प्राप्त कंपनी द्वारा कुछ अतिरिक्त फीस लेकर होम डिलीवरी की सुविधा भी दी जा रही है।
Major-Action-Of-Traffic-Police-On-Vehicles-Without-High-Security-Number-Plates-More-Than-200-Challans