चंडीगढ़। पंजाब के हजारों करोड़ के ड्रग्स मामले में फरार बर्खास्त AIG राजजीत सिंह को मोहाली कोर्ट ने भगौड़ा घोषित कर दिया है। आरोपी को भगौड़ा करार कराने के लिए पंजाब पुलिस ने बीते समय ही कार्रवाई शुरू की थी। दरअसल, पंजाब पुलिस ने आरोपी राजजीत के खिलाफ ड्रग्स मामले में केस दर्ज किया है। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने उसका लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया। साथ ही उसकी धरपकड़ के लिए STF और पंजाब पुलिस ने प्रदेश समेत अन्य राज्यों में छापमाारी की। लेकिन लंबे समय से उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। AAP नेता मालिवंदर सिंह कंग दावा कर चुके हैं कि राजजीत के हाथ आने पर करोड़ों के ड्रग्स मामले में कई बड़े खुलासे होंगे। उसके सीने में कई राज दफन हैं, क्योंकि वह ड्रग माफिया की महज एक कड़ी भर है। उसे पंजाब के कई सरकारी और पंजाब पुलिस के सीनियर अधिकारियों का भी साथ मिला।
पंजाब सरकार को है मददगारों की जानकारी
दावा है कि आरोपी के मददगार अधिकारियों की जानकारी पंजाब सरकार के पास है, लेकिन जांच जारी होने के चलते इन नामों को सार्वजनिक नहीं किया गया। राजजीत सिंह को आपराधिक साजिश, रिकॉर्ड में हेराफेरी व जबरन वसूली की धाराओं के तहत भी नामजद किया गया है। वहीं आरोपी को अभी तक न तो पंजाब पुलिस पकड़ सकी है और न ही STF के हाथ उसका कोई सुराग लगा है।
विजिलेंस ने प्रॉपर्टी पता लगाई
पंजाब विजिलेंस राजजीत की ड्रग मनी से अर्जित संपत्ति का पता लगाने के लिए जांच कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार विजिलेंस सभी आवश्यक जांच पूरी कर आरोपी की संपत्ति का पता लगा चुकी है। लेकिन जांच जारी होने के चलते फिलहाल संपत्ति का खुलासा नहीं किया गया है। CM भगवंत मान ने ड्रग मामले में आरोपी AIG राजजीत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की सूचना ऑन कैमरा सार्वजनिक की थी। कार्रवाई के बारे में पता लगते ही राजजीत सिंह फरार हो गया। उसके बाद से आरोपी ने पुलिस या कोर्ट के समक्ष सरेंडर नहीं किया। नतीजतन कोर्ट ने उसे अब भगौड़ा करार दिया है।
यह है मामला
दरअसल, साल 2017 में AIG रहे राजजीत के साथी इंस्पेक्टर इंद्रजीत को हथियार व ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके घर की तलाशी में AK-47, 4 किलो हेरोइन, 3 किलो स्मैक और अन्य देसी हथियार बरामद किए गए थे। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह को नौकरी से बर्खास्त किया गया। इस मामले में राजजीत सिंह पर बर्खास्त इंस्पेक्टर इंद्रजीत का बचाव करने, गलत रिकॉर्ड पेश करने के आरोप है। साथ ही बरामद नशा सामग्री से छेड़छाड़ और इंद्रजीत को प्रमोशन देने के आरोप भी हैं।
Accused-Of-Drugs-Case-Worth-Crores-Sacked-Aig-Fugitive-Declared-By-Mohali-Court-Stf-Is-Raiding-For-Arrest