लुधियाना। भोला कॉलोनी में नगर निगम की अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए खुद को आग लगाने वाले 2 भाइयों में से एक की मौत हो गई है। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मरने वाले युवक ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ा है। वहीं मरने वाला युवक वीरु है। झुलसे अनमोल को पीजीआई चंडीगढ़ से DMC लुधियाना शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि वीरु की मौत के बाद परिजनों ने देर रात ही सेक्टर-32 नजदीक भोला कॉलोनी में सड़क जाम करके धरना लगा दिया। धरना करीब 2 घंटे तक जारी रहा। मौके पर पुलिस फोर्स ने आकर मामला शांत करवाया। धरनाकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मांग है कि इलाके के 2 लोगों मोहन और संजीव के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज करे।
पर्चा न करने पर होगा हाईवे जाम
यदि पुलिस ने मोहन और संजीव को जल्द गिरफ्तार न किया तो मृतक के परिजन लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे जाम करेंगे। वीरु की बहन नीलम के मुताबिक, मोहन लाल उनकी झुग्गी से हफ्ता वसूली करने आता था। वह कहता था कि जिस जमीन पर वह दुकानदारी कर रहे हैं, वह जमीन उसकी है। मोहन उसके भाई से 5 लाख रुपए दुकान पक्के तौर पर रखने की मांग कर रहा था। इसी रंजिश के चलते मोहन ने नगर निगम में शिकायतें देकर उसकी झुग्गी पर कार्रवाई करवाई है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, मरने वाले वीरु की शादी को अभी एक महीना ही हुआ था।
दोनों भाइयों पर किया पर्चा
निगम अधिकारियों मुताबिक, बिल्डिंग ब्रांच की शाखा जब कार्रवाई करने पहुंची तो दोनों भाइयों ने मिट्टी का तेल डालकर निगम कर्मचारियों को जलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि पुलिस कर्मचारियों ने उनको बचा लिया। इस दौरान बौखलाहट में दोनों भाइयों ने खुद को आग लगा ली। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने दोनों भाइयों पर मामला दर्ज कर दिया है।
Troubled-By-The-Corporations-Push-A-Young-Man-Who-Set-Himself-On-Fire-Died-The-Family-Blocked-The-Road-For-Two-Hours