लुधियाना। लुधियाना पुलिस की और से दुबई गोल्ड स्मगलिंग गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनकी और से दुबई से गोल्ड आने पर आगे सप्लाई कर मोटी कमाई की जा रही थी। हालाकि मामले के दो मास्टरमाइंड दुबई बैठे हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक किलो 230 ग्राम सोना, एक पिस्तल, पांच कारतूस बरामद किए हैं। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने अमृतसर के आजाद सिंह, आशू, उतराखंड के पुनीत सिंह और मेहरबान के परविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी आजाद व आशू से पूछताछ कर रही है। पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू व सीआईए-2 के इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 2 आरोपी आजाद व आशू अमृतसर से सोने की खेप लेकर महानगर आए हैं। वे ग्रीन लैंड स्कूल के पास किसी व्यक्ति के इंतजार में खड़े है। आरोपियों के पास अवैध असला भी है। टीम ने सूचना पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अमृतसर में एक किराए के कमरे में रखी 230 ग्राम सोने की पेस्ट भी बरामद की।
लोगों को एक तस्करी के देते थे 20 हजार रुपए
पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि दुबई से जो यात्री सोने की पेस्ट तस्करी करके भारत लाते थे उन लोगों को 1 चक्कर का 20 हजार रुपए तस्कर देते थे। ये आरोपी बैग में पेस्ट लेकर आते थे। पेस्ट होने की वजह से मेटल डिटेक्टर में यह पकड़े नहीं जाते थे। गोल्ड तस्कर अभी तक करीब 50 चक्कर भारत और दुबई के लगा चुके हैं। पुनीत उर्फ गोरु इस गैंग का मास्टरमाइंड है जो दुबई से ऐसे लोगों को गोल्ड तस्करी के लिए चुनता था जो दिखने में सीधे-साधे लगते हो जिन पर कोई शक न कर सके।
50 किलो सोना कर चुके है तस्करी
पुलिस को आरोपियों से एक लाल रंग की डायरी भी बरामद हुई है। डायरी में सोना तस्करी का पूरा हिसाब लिखा हुआ है। अभी तक 50 से अधिक लोगों की सूची पुलिस के पास पहुंच चुकी है। आरोपी अब तक 50 किलो सोना सप्लाई कर चुके हैं। जिसकी कीमत 30 करोड़ रुपए कीमत बताई जा रही है।
Ludhiana-Police-Arrested-Two-Members-Of-Dubai-Gold-Smuggling-Gang-Supplied-50-Kg-Gold-Through-Passengers