लुधियाना के जगराओं में अखाड़ा नहर में बहे व्यक्ति का शव 36 घंटे बाद बरामद हो गया है। वह बेटे पैदा होने की मन्नत के बाद नहर में चावल चढ़ाने के लिए गया था। वहां उसका पैर फिसल गया। मृतक की पहचान मनजीत सिंह मनी के रूप में हुई है। 2 दिनों से लगातार गोताखोरों की टीम उसे ढूंढने में लगी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। दरअसल, फिली गेट के रहने वाले मनजीत सिंह मनी के घर 15 दिन पहले बेटे ने जन्म लिया था। जन्म के 13वें दिन रीति रिवाज़ के अनुसार घर में समारोह कराया गया। मीठे चावल बनाकर इसका प्रसाद नहर किनारे चढ़ाकर माथा टेका जाना था। नहर किनारे मिली थी चप्पल और बाइक मन्नत को पूरी करने के लिए को मनजीत घर से बाइक पर प्रसाद लेकर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग जब नहर किनारे तलाश करने पहुंचे तो वहां मनजीत की बाइक खड़ी थी। साथ ही चप्पल और प्रसाद वाला बर्तन नहर किनारे था। जिसके बाद परिजनों को शक हो गया कि मनजीत नहर में पानी के बहाव में बह गया है। खुशियों का माहौल मातम में बदला मनजीत सिंह मनी के घर बेटे के जन्म के बाद खुशियों का माहौल था, लेकिन मनजीत की मौत के बाद घर में गमगीन माहौल हो गया। इसी बीच मनजीत की मां की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें अस्पताल भर्ती करवाया गया है।
Dead-Body-Of-A-Person-Found-Washed-Away-In-The-Canal-Accident-Due-To-Foot-Slipping-Had-Gone-To-Fulfill-His-Vow-After-The-Son-Was-Born