लुधियाना। ढोलेवाल के पास एसबीआई बैंक के बाहर पेट्रोल पंप के मैनेजर से हुई 25 लाख की लूट के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात को पेट्रोल पंप के असिस्टेंट मैनेजर और दो पूर्व वर्करों द्वारा अंजाम दिया गया था। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर साढ़े 23 लाख रुपए कैश व बाइक बरामद किया है। आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह, सागर विज और जतिंद्र सिंह उर्फ जतिन के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल ने बताया कि आरोपी असिस्टेंट मैनेजर मलकीत सिंह पिछले 10 साल से पंप पर काम करता था। जबकि सागर व जतिंदर पहले पंप पर नौकरी करते थे। लेकिन अब दूसरी जगह नौकरी कर रहे थे। मलकीत की नीयत बदनीयत हो गई। उसने अपने दो साथियों की मदद के साथ इस वारदात को अंजाम दिलवाया। सागर विज पंप पर बतौर कैशियर के रूप में काम करता रहा है। वहीं, जतिन स्विफ्ट सिक्योरिटी में काम करता था जो अब बेरोजगार है।
दो दिन का इकट्ठा हुआ था कैश
सीपी अनुसार दो दिन की छुट्टी होने के चलते पंप पर कैश इकट्ठा हुआ था। जिसकी आरोपियों को जानकारी थी। मलकीत ने यह जानकारी दूसरे आरोपियों को दी। असिस्टेंट मैनेजर मलकीत की मिलीभगत से दोनों ने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। उसी ने झपटमारों को पैसे किस समय जमा करवाने निकलना है और किस बैंक में जमा करवाने हैं संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई। तीनों आरोपियों ने बिना फोन पर संपर्क किए इस वारदात को अंजाम दिया था।
The-Case-Of-Robbery-Outside-Dholewal-Bank-Solved-The-Assistant-Manager-Of-The-Pump-And-Two-Old-Workers-Committed-The-Crime-Rs-23-5-Lakh-Recovered