लुधियाना। लुधियाना में कारोबारी संभव जैन के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पता चला कि इस मामले में शामिल आरोपी गैंगस्टरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई है। गांव टिब्बा में पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच फायरिंग की जानकारी मिली है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी संभव जैन के साथ हुई लूट और किडनैपिंग से संबंधित यह गैंगस्टर्स बताए जाते हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार दोनों तरफ से क्रास फायरिंग चल रही है, जिसमें अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वह मौके पर जा रहे हैं तथा उसके बाद ही पूरी जानकारी दे पाएंगे। बताया जा रहा है कि इस मामले में तीन गैंगस्टरों को गोलियां लगी हैं। अभी भी मुठभेड़ जारी है।
गौरतलब है कि लुधियाना में कारोबारी संभव जैन व उनकी कार को पिछले दिनों लूट लिया गया था। कुछ दिन पहले संभव जैन को धमकी भी मिली थी। इस मामले में अभी तक चार लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों में कारोबारी का ड्राइवर भी शामिल था, जिसे करीब 4 महीने पहले काम से निकाला गया था। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार कोशिशें कर रही हैं, जिसके लिए उत्तर प्रदेश व बिहार में भी टीमें भेजी गई थीं। कारोबारी से लूटी गई कार उत्तराखंड में बरामद कर ली गई थी। गौरतलब है कि जब संभव जैन को अगवा किया गया था तो इस दौरान उन्हें गोली भी मारी गई थी। बाद में आरोपी संभव जैन को कार में से फैंक कर चले गए थे।
Breaking-News-Cross-Firing-Between-Police-And-Gangsters-In-Businessman-Sambhav-Jain-Case-Three-Gangsters-Shot-Encounter-Continues-In-Village-Tibba