यशपाल शर्मा, चंडीगढ़
चंडीगढ़ के एक पीजी के बाथरूम में खुफिया कैमरा लगाकर साथी लड़कियों की अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। यह कैमरा गीजर के ऊपर छिपा कर लगाया गया था। इसकी जानकारी होने पर कैमरा देखने वाली लड़की ने पीजी मालिक को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने वहां रहने वाली एक लड़की और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की ने बताया कि उसके बॉयफ्रेंड ने 3 दिन पहले उसे ये कैमरा लगाने के लिए दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 सी, 509 और 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यहां से कितने वीडियो बनाए गए और उन्हें कहां स्टोर किया गया या किसे भेजा गया। इसकी जानकारी होने पर अन्य लड़कियों के माता-पिता वहां पहुंचे और पीजी खाली कर उन्हें घर ले गये।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-22 स्थित एक मकान की ऊपरी मंजिल पर पीजी है। इस क्षेत्र में ओर भी कईं पीजी हैं। एक पीजी में 5 लड़कियाँ रहती हैं। ये लड़कियाँ एक ही बाथरूम साझा करती हैं। खुफिया कैमरा लगाने वाली लड़की उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह भी उन्हीं के साथ रहती है। पुलिस से शिकायत करने वाली लड़की ने बताया कि वह अंधेरे में बाथरूम करने गई थी। तभी उसे गीजर के ऊपर कुछ चमकता हुआ नजर आया. उसने ध्यान से देखा तो उसे कैमरा दिख गया। उसने तुरंत अन्य लड़कियों को बुलाया। सभी ने जांच की तो वह हिडन कैमरा निकला। उन्होंने तुरंत पीजी मालिक को फोन किया। कैमरा देखने के बाद उन्होंने सेक्टर 17 पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने जब इसकी जांच की तो साफ हो गया कि इस बाथरूम में पीजी में रहने वाली लड़कियों के अलावा कोई नहीं जा सकता है। जिसके बाद पुलिस ने पीजी रहने वाले सभी लड़कियों से पूछताछ की और पता लगाया कि ये कैमरा किस लड़की ने लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने कैमरा लगाने वाली लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो लड़की ने पूरी कहानी बता दी। उसने बताया कि उसका बॉयफ्रेंड अमित हांडा सेक्टर-20 में रहता है। उनके कहने पर ही उन्होंने यह खुफिया कैमरा लगाया। चंडीगढ़ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो को लेकर फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो बनाया गया था या नहीं। अगर वीडियो बने तो कितने बने और किसे भेजे गए? इस संबंध में दोनों के मोबाइल फोन की जांच फॉरेंसिक लैब से कराई जा रही है।
Hidden-Camera-Installed-In-The-Bathroom-Of-Girls-Pg-In-Chandigarh-To-Make-Obscene-Videos