लुधियाना| विजय नगर स्थित घोरी सरकार दरगाह के नजदीक पुरानी रंजिश के चलते गैंगस्टरों के एक गुट ने दूसरे की गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इलाके के लोगों को पहले लगा कि शायद इलाके में चल रहे शादी समारोह में पटाखे चले हैं, लेकिन कुछ देर बाद शोर-शराबा मच गया। कार में सवार दो युवक मौके से भाग गए। फिर भी गैंगस्टर बलेनो गाड़ी पर गोलियां बरसाते रहे। बदमाशों ने कार को बुरी तरह से तोड़ दिया। गोलियां कार के बोनट और शीशे पर लगीं। फायरिंग में कितने लोग घायल हैं, इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चला। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को एक गैंगस्टर का मोबाइल मिला है। थाना दरेसी के एसएचओ हरप्रीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना स्थल से 4 गोलियों के खोल बरामद हुए हैं। उनकी जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस चेक करवा रही है। सेफ सिटी कैमरों पर भी पुलिस काम कर रही है। कुछ लोगों ने कहा कि एक शख्स को गोली लगी है, लेकिन देर रात तक घायल व्यक्ति संबंधी किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की और न ही किसी अस्पताल में कोई ऐसा शख्स भर्ती हुआ था। किसी केस में फरार चल रहे मुकुल की मां अंजना ने कहा कि उसका बेटा नगर निगम में मुलाजिम है। इलाके के ही एक गैंगस्टर के साथ उसकी दुश्मनी है। पुरानी रंजिश के कारण वह लोग उसे जान से मारना चाहते हैं। उसे शक है कि उन्हीं हमलावरों ने गाड़ी पर गोलियां चलाई हैं। अंजना के मुताबिक, गोलियां चलाने वालों ने मुकुल की कार देख समझा कि शायद कार में मुकुल है, जिस कारण उन्होंने फायरिंग की। वहीं, मुकुल पिछले 1 महीने से फरार है।
Gangsters-Fired-Bullets-At-Baleno-2-Youths-Got-Down-And-Ran-Away-4-Shells-Recovered