जगराओं। जगराओं में सोमवार को एक युवक की 200 रुपए के लिए चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी बाप-बेटे ने युवक पर आरोप लगाया था कि उसने उनके चुपचाप रुपए उठा लिए हैं। इसे लेकर रविवार रात को इनका झगड़ा भी हुआ था। मृतक की पहचान शमशेर सिंह उर्फ लक्की जट्ट निवासी शनि मंदिर डिस्पोजल रोड जगराओं के रूप में हुई है। वह लगातार इनकार कर रहा था कि उसने किसी के रुपए नहीं लिए। इसके बाद भी आरोपी बाप-बेटे ने उस पर चोरी का इल्जाम लगाकर वारदात को अंजाम दिया। मौके पर मौजूद रहे लोगों के अनुसार, रविवार देर रात को दाना मंडी में कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान बलराम उर्फ पंडित और लविश कुमार ने शमशेर पर आरोप लगाया कि उसने 200 रुपए लिए हैं। उन्होंने शमशेर सिंह को पीटने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद सब लोग अपने-अपने घर चले गए। सोमवार सुबह फिर शमशेर फिर से दाना मंडी पहुंचा। कुछ काम न होने के कारण वह सुबह करीब 10 बजे ताश खेल रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शमशेर से बहस शुरू कर दी और उससे रात वाले 200 रुपए मांगने लगे। शमशेर अब भी इनकार ही कर रहा था कि आरोपियों में से एक ने उस पर रॉड से वार किया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उसके रॉड के वार को रोक किया। फिर काफी हाथापाई हुई। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने शमशेर को चाकू मार दिया। इसके बाद शमशेर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग उसे फौरन अस्पताल लेकर निकल गए, लेकिन रास्ते में ही शमशेर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, घटनास्थल से आरोपी भी मौके का फायदा उठा कर फरार हो गए। इस मारपीट का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जानकारी मिलने पर सिटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना सिटी के इंचार्ज सुरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच को लेकर CCTV कैमरे खंगाल रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Young-Man-Murdered-For-200-Rupees-In-Jagraon-Accused-Father-And-Son-Accused-Of-Theft-And-Stabbed-Him