पंजाब। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवारी के बहाने बड़ा उलटफेर किया है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को झटका देते हुए राज्यसभा नहीं भेजा जा रहा। उनके बजाय अब भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। राज्यसभा मेंबर न रहने से पंजाब चुनाव से पहले ही रवनीत बिट्टू की केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी छुट्टी हो सकती है। अमृतसर के रहने वाले चुघ पंजाब का बड़ा हिंदू चेहरा हैं। हाल ही में भाजपा ने पंजाब में सुनील जाखड़ को प्रधान और अश्विनी शर्मा को वर्किंग प्रधान पद से हटा दिया था। उनकी जगह पर जट्टसिख चेहरे केवल ढिल्लों को नया पंजाब प्रधान बना दिया था। ऐसे में भाजपा पर पंजाब में हिंदू हित की अनदेखी का आरोप न लगे, इसलिए चुघ के जरिए डैमेज कंट्रोल किया गया है।
यह फैसला रवनीत बिट्टू के लिए बड़ा झटका क्यों?
रवनीत बिट्टू अभी राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। 21 जून को उनका कार्यकाल खत्म होगा। हालांकि अभी वह केंद्र में मंत्री बने हुए हैं। अब उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा गया तो नियम के मुताबिक वह बिना सांसद रहे 6 महीने तक ही मंत्री बने रह सकते हैं। फिर उन्हें ये पद छोड़ना होगा। इस हिसाब से अब 21 दिसंबर तक ही मंत्री बने रह सकते हैं। हालांकि उस वक्त पंजाब चुनाव का माहौल पूरे पीक पर होगा। ऐसी सूरत में बिट्टू की केंद्र से छुट्टी से पंजाब में गलत मैसेज जा सकता है।
बिट्टू खुद कह चुके, मैं विधानसभा लड़ूंगा
भाजपा का इशारा रवनीत बिट्टू पहले ही समझ चुके हैं। बुधवार (3 जून) को ही बिट्टू ने चंडीगढ़ में कहा था कि अब वह विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। वह लोकसभा और राज्यसभा में 17 साल लगा चुके हैं। अब वह दिल्ली से लौटकर पंजाब में काम करना चाहते हैं। इसके लिए वह दिल्ली से अटैचियां भी पैक करके ला चुके हैं। बिट्टू की नजर लुधियाना की वेस्ट, नॉर्थ और सेंट्रल सीट पर मानी जा रही है।
विधानसभा चुनाव में फिट नहीं हो रहे थे चुघ
भाजपा ने चुघ को कई अहम पदों पर रखा। लेकिन विधानसभा की चुनावी गेम में वह फिट नहीं हो पा रहे थे। भाजपा ने अमृतसर सेंट्रल से उन्हें 2012 और 2017 में टिकट दी। लेकिन वह दोनों बार कांग्रेस के ओपी सोनी से हार गए। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा अब पंजाब में नए चेहरों और उनकी बनाई रणनीति के हिसाब से 2027 में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
Tarun-Chugh-Gets-Rajya-Sabha-Ticket-Jakhar-Ashwinis-Removal-Is-Damage-Control-Party-May-Bet-On-Bittu-In-Assembly-Elections