पंजाब। पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अब नया दांव खेला है। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर नई दिल्ली की 9 साल पुरानी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का पोस्टर शेयर किया है। कयास लगाया जा रहा कि वह अब इसी पार्टी का झंडा उठाकर पंजाब के विधानसभा चुनाव में उतरेंगी। इसके साथ ही उनके BJP में जाने अटकलों पर रोक लग गई है। भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी के अध्यक्ष अम्लान बिश्वास ने कहा कि डॉ नवजोत कौर सिद्धू भी हमारी पार्टी में शामिल हुई हैं। उनका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने X हैंडल पर लिखा- हमने राष्ट्रीय स्तर पर एक नए विकल्प का काम किया है, जिसमें हमने वर्तमान राजनीतिक नेताओं के प्रदर्शन मानकों का गहराई से अध्ययन और मूल्यांकन किया है। हम केवल अपने देश के लिए अपना जीवन समर्पित करना चाहते हैं और लोगों को वही देना चाहते हैं, जिसके वे वास्तव में हकदार हैं और हमसे अपेक्षा रखते हैं। उधर, मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि नवजोत कौर सिद्धू और नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में अक्सर यह कहा जाता है कि वे किसी के साथ बैठ नहीं सकते और न ही किसी के साथ आगे बढ़ सकते हैं। मुझे लगता है कि ये दोनों, पति-पत्नी के तौर पर, पंजाब में एक नई पार्टी बना सकते हैं। जिसका नाम 'पति-पत्नी पार्टी' हो सकता है।
एक जैसी सोच के लोगों को जोड़ा
नवजोत कौर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह एक दिव्य प्रेरणा है, जिसने कुछ समान सोच वाले लोगों को एक साथ जोड़ा है, जिनमें क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प है कि वे हर राज्य में एक समान लक्ष्य के साथ काम करें। न्याय, शांति और प्रेम के माध्यम से उच्च चेतना की ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए वही प्रदान करें जो वाहेगुरु जी हमसे चाहते हैं। डॉ नवजोत कौर ने पोस्ट में आगे लिखा कि हम पंजाब को उसकी खोई हुई गरिमा दिलाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे, ताकि वह फिर से एक स्वर्णिम राज्य बन सके। जहां लोग प्रेम, साझेदारी, न्याय, स्वतंत्रता के अधिकार और निःस्वार्थ सेवा के उद्देश्य के साथ आध्यात्मिक विकास की राह पर चलें और बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के अपने लक्ष्य, मूल्यों और दृष्टिकोण को प्राप्त करें।
जनता द्वारा चलने वाली सरकार देंगे
डॉ नवजोत कौर सिद्धू ने लिखा कि हम एक ऐसी सरकार देंगे जो जनता की हो, जनता के लिए हो और जनता द्वारा चलाई जाए। पंजाब के लोगों की सरकार होगी। सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलते हुए, आध्यात्मिक गुरुओं की सहायता से लोगों के घायल मनों को ठीक किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी के अध्यक्ष अम्लान बिश्वास ने कहा कि पार्टी का रजिस्ट्रेशन 2015 का है। 2019 में हमने चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव लड़ा था। उसके बाद पार्टी के लोग इधर-उधर हो गए। अब फिर से पार्टी को सेटअप कर रहे हैं और पूरे देश में रिलॉन्च कर रहें। उन्होंने बताया कि डॉ नवजोत कौर सिद्धू भी हमारी पार्टी में शामिल हुई हैं। उनका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने बताया कि सभी मिलकर इस पार्टी को अलग-अलग राज्यों में लॉन्च कर रहे हैं।
भाजपा में जाने के लगाए जा रहे थे कयास
डॉ. नवजोत कौर ने जब कांग्रेस में सीएम की कुर्सी 500 करोड़ में बिकने वाला आरोप लगाया तो उसके बाद पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल मच गई। कांग्रेस के स्थानीय नेता से लेकर हाईकमान तक सब विपक्ष के निशाने पर आ गए। उसके बाद पार्टी ने सख्त रवैया दिखाते हुए नवजोत कौर को शोकॉज नोटिस जारी किया। पार्टी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाती, उससे पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। कांग्रेस छोड़ने के बाद नवजोत कौर ने मोदी सरकार की तारीफ करनी शुरू की तो कयास लगाए जा रहे थे कि वह भाजपा में शामिल होंगी, लेकिन देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर पार्टी लॉन्च करके उन्होंने सभी को हैरत में डाल दिया।
Navjot-Kaur-Sidhus-New-Political-Move-Sharing-A-Poster-Of-Her-9-Year-Old-Party-Minister-Cheema-Said-Their-New-Party-Is-Called-Husband-And-Wife