प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आते ही अब सरकारी विभाग भी एक्शन में आते दिखाई देने लगे हैं। लुधियाना जहां की कुल 14 विधानसभा सीटों में से 13 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने कब्जा किया है, में आज नगर निगम ए जोन की बिल्डिंग शाखा ने सर्कुलर रोड व दरेसी रोड पर बुलडोजर चलाते हुए ऐसी आठ इल्लीगल बिल्डिंग निर्माणों को गिरा डाला, जिनका न कोई नक्शा पास करवाया गया था और न इन निर्माण की निगम से कोई मंजूरी ली गई थी। इनमें सात बिल्डिंगों का निर्माण सुर्कलर रोड पर एक बिल्डिंग का निर्माण दरेसी रोड पर शुरु किया गया था। गौर हो कि चुनावी दिनों का फायदा लेते हुए पूरे लुधियाना में एक हजार से अधिक बिल्डिंगें बनी हैं और राजनीतिक शैल्टर होने के चलते इन पर किसी तरह का कोई एक्शन नहीं लिया गया। वहीं इनमें कुछ इल्लीगल निर्माण ऐसे थे, जिन्हें पूरा तो पहले कर लिया गया था, लेकिन चुनाव के दिनों में इनके आगे की दीवारें गिराकर इन्हें पूरी तरह कामर्शियल कैटेगरी में खोल दिया गया। कार्रवाई के घेरे में आई सभी बिल्डिंग मालिकों को साफ कर दिया गया है कि नगर निगम से नक्शा पास करवाने के बाद ही निर्माण शुरू करें, अन्यथा दोबारा इसी तरह कार्रवाई होगी। एटीपी जोन ए मोहन सिंह ने जानकारी देते बताया कि उनके एरिया के सर्कुलर रोड पर कुछ लोगों ने बिना कोई नक्शा पास करवाए निर्माण शुरू कर दिया था। इस मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर निगम टीम को भेजा गया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इनकी कंपलेंट आ रही थी और आज इन पर एक्शन ले लिया गया। उन्होंने बताया कि अधिकतर निर्माण अभी नींव पर ही थे, जिसे जेसीबी मशीन से खोद दिया गया। इमारत मालिकों बिल्डिंग बनाने से पहले नक्शा पास और पूरी फीस अदा करने के लिए कहा गया है। इसी क्रम में दरेसी के पास भी एक इमारत का निर्माण चल रहा था, इसके लिए निगम से कोई नकशा पास नहीं कराया गया था। इस इमारत को भी निगम टीम ने जेसीबी से माध्यम से तोड़ दिया है। आम लोगों से अपील है कि निगम से बिना नक्शा पास करवाए कोई इमारत का निर्माण न करवाएं। जिस तरह इमारत का नक्शा पास करवाया गया उसी तरह उसका निर्माण करवाएं।
Aam Aadmi Party Government Came Mc Started Bulldozing On Illegal Constructions