ताजपुर रोड डंप साइट पर बीती 15 अप्रैल की रात को लगी कूडे़ में आग से 7 लोगों की मौत की घटना मामले में नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने लुधियाना नगर निगम पर 100 करोड़ रुपए का जुर्माना लगा दिया है और नगर निगम को एक महीने तक ये राशि जिला मजिस्ट्रेट के पास जमा करने का निर्देश दिया है। इस राशि को एक अलग खाते में रखा जा सकता है, जिसका उपयोग रिपोर्ट के अनुसार उपचारात्मक उपायों के लिए किया जाएगा। जिसकी निगरानी समिति करेगी। एनजीटी ने इस मामले सुनवाई मीडिया रिपोर्ट के आधार पर शुरु की थी, जिसमें लुधियाना के ताजपुर रोड पर कूड़े के ढेर में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में ज्यादातर कचरा बीनने वालों के परिवार से थे, जो पिछले दस सालों से 20 लाख टन डंपिंग साइट के पास रह रहे थे। मृतकों की पहचान सुरेश (55), उनकी पत्नी रोना रानी (50) और उनके बच्चों राखी (15), मनीषा (10), चांदनी (5), गीता (6) और सनी (2) के रूप में हुई है। 25 जुलाई को पारित आदेश में ट्रिब्यूनल ने कहा कि निगम इतनी राशि जमा करने में अगर असमर्थ है, तो यह राज्य सरकार द्वारा किया जा सकता है। कानून अनुसार कूडे़ में योगदान डालने वालों या अपने कर्तव्य का पालन करने में विफल रहने वालों से राशि वसूल करने की निगम को छूट मिली है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ ने आदेश में कहा कि डंप स्थल पर आग लगने से सात लोगों की मौत की संभावना को देखते हुए नगर निगम उन्हें मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार है. यह राशि एक माह के भीतर जिलाधिकारी लुधियाना के पास जमा करानी होगी। मुआवजे का आकलन 57.5 लाख रुपये है । जिसमें 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए 10 लाख रुपये और 20 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक व्यक्ति के लिए 7.5 लाख रुपये तय किए गए हैं। पीठ ने आगे निर्देश दिया कि परिवार के एकमात्र जीवित पुरुष सदस्य को 1 लाख रुपये का भुगतान किया जाए और बाकी राशक को एफडी के तौर पर जमा में रखा जाए, जब तक कि पूरी राशि का वितरण न हो जाए, हर साल 5 लाख रुपये का ब्याज मिलता रहेगा।
Ludhiana Municipal Corporation Fined Rs 100 Crore