जहां एक ओर पंजाब भर में आम आदमी पार्टी की सरकार प्रति महीने 300 यूनिट बिजली फ्री व सरकार मुलाजिमों को खुश करने के लिए उनकी पुरानी पेंशन फिर से बहाल करने के बडे़ फैसले ले रही है, तो वहीं लुधियाना की नगर निगम पंजाब सरकार की पालिसी के उल्ट आम जनता की जेब काटने जैसे टेंडर सिरे चढ़ाने में लगी हुई है। शहर की पांच साइटों पर पार्किंग का टेंडर निगम की ओर से विभिन्न ठेकेदारों को हैंड ओवर किए जाने के बाद पब्लिक में लगातार इसको लेकर हाहाकार मचा हुआ है। बात करें इस टेंडर से पब्लिक की जेब कटने की तो इस पूरे विवाद में बड़ा गुनाहगार खुद नगर निगम है। जिसकी ओर से कुछ एक ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए जहां नगर निगम की आमदन में सेंध लगा दी गई तो दूसरी ओर आम पब्लिक की जेब पर तीन गुना तक बोझ बढ़ा दिया गया। अभी तक जब कभी भी पार्किंग में ओवर चार्जिंग का मामला उठा तो विधायक गोगी और लुधियाना सेंट्रल विधायक अशोक पराश पप्पी पार्किंग साइट का जायजा लेने पहुंच गए, लेकिन अब जब पब्लिक को तीन गुना अधिक पार्किंग का टेंडर देने से हाहाकार का माहौल बना तो इस मामले में विधायक चुप होकर बैठ गए और हालात ऐसे हैं कि पब्लिक इसके विरोध में सड़क पर बैठ धरने दे रही है, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। ---------- लालच में फंसी मार्केट एसोसिएशन, वहीं घंटा वाइस पार्किंग फीस वसूली शुरु नगर निगम की ओर से जब कांट्रेक्टरों को भदौड़ हाउस, मल्टीस्टोरी, फिरोजगांधी मार्केट, सराभा नगर व बीआरएस नगर पाॅकेट टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदारों को हैंडओवर की गई, उसके अगले ही दिन इस टेंडर व पार्किंग फीस को लेकर विवाद खड़ा हो गया,जो आज तक नहीं थमा है। तब इस दौरान फिराेजगांधी मार्केट, किप्स मार्केट, बीआरएस नगर मार्केट के एसोसिएशन विरोध में आगे आ खडे़ थे। जिसके बाद वेस्ट विधानसभा के विधायक गुरप्रीत गोगी इस मामले में पैचअप करवाने को आगे आए थे। इस दौरान मार्केट एसोसिएशन से जुडे़ दुकानदारों को प्रति महीने लाईसेंस फीस व उनके कुछ वाहनों को पार्किंग फ्री किए जाने के बाद उनकाे परोस लिया गया। लेकिन उन्हीं दुकानदारों के पास आने वाले ग्राहकों की जेबें नए पार्किंग रेट तीन गुना तक बढ़ाए जाने से धड़ाधड़ कट रही हैं। अब धीरे धीरे इसका खमियाजा इन्हीं दुकानदारों को भी भुगतना पड़ रहा है, क्यों कि आम पब्लिक मोटी पार्किंग फीस देने की बजाय अन्य दुकानदारों की ओर अपना रुख कर रहे हैं। खासकर जिन पार्किंग साइट में हेल्थ क्लब हैं, वहां भी दिक्कत सामान्य नहीं है। क्यों कि यहां पर आने वाला ग्राहक जिम मालिक को तीन हर महीने की 1500 से 3000 रुपए तक की फीस देता है और उसकी वाहन पार्किंग के लिए कस्टमर से 2500 से 3000 हजार रुपए तक मांगे जा रहे हैं। यही नहीं भदौड़ हाउस व फिरोजगांधी मार्केट में इल्लीगल रेहड़ियां लगाकर हर महीने लाखों रुपए पार्किंग ठेकेदार वसूल रहे हैं और नगर निगम की तहबाजारी भी इन पर कारवाई करने से कतराती दिखाई देती है। -------- इस मामले में मेरी ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के सीएम भगवंत मान को शिकायत की गई है। नगर निगम इस तरह का पार्किंग टेंडर देकर भदौड़ हाउस , माता रानी चौक व अन्य जगहाें पर दुकानदारों का कामकाज ठप करना चाहती है। इस मामले में हमारी अगले रविवार को बैठक है और इस मुददे पर कडे़ कदम उठाए जाएंगे। अगर हमें दुकानें बंद कर धरने पर बैठना पड़ा तो सभी दुकानदार ये भी करने को तैयार बैठे हैं। सुनील मेहरा, नेता पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल -----------
Municipal Corporation Gave Parking Tender To Cut Public Pockets