अमृतसर। अमृतसर से बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवानों ने बिना वीजा के कंटीली तारों से होकर पाकिस्तान भाग रहे एक बंगलादेशी को गिरफ्तार किया है। बंगलादेशी मोहम्मद महमूद आलम टुल्लू(62) है। उसे अमृतसर सेक्टर के अंतर्गत आती BOP रोड़ेवाला से गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल BSF ने मोहम्मद को पुलिस के हवाले कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके पास से एक बंगलादेशी पासपोर्ट बरामद हुआ है। उस पर भारत का 6 महीने का वीजा लगा हुआ था। उसने माना कि वह पाकिस्तान जाना चाहता था। एजेंट के बहकावे में आया था मोहम्मद मोहम्मद ने जानकारी दी कि भारत आने के बाद उसे एक एजेंट मिला था। जिसने उससे पैसे लिए और अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान जाने के लिए कह दिया। उसके कहे अनुसार दो दिन पहले वह अटारी बॉर्डर भी पहुंचा था, लेकिन उसके पासपोर्ट पर पाकिस्तानी वीजा ना होने के कारण कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उसे वापस भेज दिया। परिवार के पास जाने को बॉर्डर पार करने की कोशिश मोहम्मद ने बताया कि जब उसे पाकिस्तान जाने में सफलता नहीं मिली तो उसने इंटरनेशनल बॉर्डर लांघने की प्लानिंग की। वह सरहद पर पहुंच गया और फेंसिंग को पार करने की प्लानिंग कर रहा था। तभी BSF जवानों ने उसे पकड़ लिया। मोहम्मद ने बताया कि उसकी पत्नी व बच्चे पाकिस्तान में रहते हैं और वह उनके पास जाना चाहता था।
Bangladeshi Arrested Trying To Go To Pakistan By Crossing Barbed Wire On Border Without Visa