लुधियाना, 15 अप्रैल, 2023: लुधियाना से `आप- सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा के पास उपलब्ध एक आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर), पंजाब ने निर्माणाधीन हलवारा हवाई अड्डे पर शेष कार्य करने के लिए कबीर इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को एक टेंडर अलॉट किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार संबंधित फर्म को हलवारा हवाई अड्डे पर अंदरूनी सड़कों का निर्माण, एस्टेट पब्लिक हेल्थ सर्विसेज और कैंपस लाइटिंग सहित अन्य कार्यों को करना है, जहां निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह कार्य कबीर इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को 15,37,15,100 रुपये में आवंटित किया गया है, जो कि टेंडर प्राइस 15,87,14,658 रुपये से 2.7 प्रतिशत कम है। संबंधित फर्म को कुछ शर्तों के साथ टेंडर अलॉट किया गया है जिसमें सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की स्पेसिफिकेशन के अनुसार कार्य करना और सरकार/वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने जैसी शर्तें शामिल हैं। निर्माण फर्म को टेंडर में दर्ज सभी कार्यों को पूरा करने के लिए पांच माह का समय दिया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस साल अप्रैल के दूसरे सप्ताह में टेंडर आवंटित किया गया था। आज यहां एक बयान में यह जानकारी देते हुए अरोड़ा ने ताजा घटनाक्रम पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा है कि सब कुछ समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संबंधित निर्माण फर्म निविदा आवंटन के समय उल्लिखित सभी शर्तों का पालन करेगी और समय पर तकनीकी स्पेसिफिकेशन के अनुसार कार्य किया जाएगा। अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार सख्ती से सुनिश्चित कर रही है कि काम की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए, भले ही काम तेजी से चल रहा हो। उन्होंने कहा कि अतीत में किसी न किसी कारण से परियोजना में पहले ही देरी हो चुकी है। लेकिन यह जानकर अच्छा लगा कि अब यह परियोजना अपने अंतिम चरण में है। अरोड़ा ने उम्मीद जताई कि कुछ महीने बाकी हैं जब हलवारा हवाईअड्डे से उड़ानें शुरू होंगी। इसके अलावा, अरोड़ा ने दोहराया कि परियोजना एक बार व्यावहारिक रूप ले लेती है तो न केवल लुधियाना बल्कि पूरे राज्य के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान के व्यक्तिगत हस्तक्षेप से राज्य सरकार ने सिविल एयर टर्मिनल पर काम जल्दी पूरा करने के लिए पहले ही 50 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
Pwd Allots Tender For Balance Work At Halwara Airport Mp Arora