लुधियाना, 18 मई, 2023: लुधियाना से `आप- सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा को रेलवे द्वारा सूचित किया गया है कि लुधियाना रेलवे स्टेशन को बड़े स्तर पर अपग्रेड किये जाने का काम तेजी से चल रहा है, ताकि समय सीमा के भीतर सब कुछ किया जाए। परियोजना को 2 अगस्त, 2025 तक पूरा किया जाना है। परियोजना की लागत 528.95 करोड़ रुपये है और काम 2 फरवरी, 2023 को शुरू किया गया था। अरोड़ा ने आज यहां एक बयान में कहा कि अजय वार्ष्णेय, चीफ मैनेजर प्रोजेक्ट्स, उत्तर रेलवे, चंडीगढ़ ने उन्हें 17 मई, 2023 तक परियोजना की स्थिति के बारे में अपडेट किया है। इस स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार, भू-तकनीकी जांच और सर्वेक्षण का काम पहले ही पूरा हो चुका है। आर्किटेक्चरल डिजाइन अप्रूवल का 50 फीसदी काम हो चुका है। वहीं स्ट्रक्चरल डिजाइन अप्रूवल का 25 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एमईपी डिजाइन स्वीकृतियों का 15 फीसदी काम हो चुका है। वहीं 85 फीसदी रिलोकेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा, अरोड़ा को अजय वार्ष्णेय द्वारा अवगत कराया गया है कि रेलवे स्टेशन पर किये जा रहे विकास कार्य में प्रवेश स्टेशनों के निर्माण के लिए साइट की क्लीयरेंस के लिए 130 क्वार्टर, विश्राम गृह, अस्पताल, मुख्य स्टेशन भवन और रेलवे कार्यालयों का स्थानांतरण शामिल है। अरोड़ा को अवगत कराया गया कि कुछ ढांचों के निर्माण का कार्य प्रगति पर है। पीसीसी और फुटिंग की जा चुकी है और टाइप-II (ए और बी ब्लॉक) के निर्माण के तहत पेडस्टल और कॉलम के लिए सुदृढीकरण कार्य प्रगति पर है। साथ ही टाइप-2 (सी ब्लॉक) और टाइप-2 (ए ब्लॉक) के निर्माण के लिए खुदाई का कार्य प्रगति पर है। इसी तरह टाइप-4 के निर्माण के तहत साइट क्लीयरेंस हो चुकी है और यह खुदाई के लिए तैयार है। साथ ही विश्राम गृह एवं अस्पताल भवन निर्माण हेतु खुदाई का कार्य प्रगति पर है। यह प्रोजेक्ट पिछले साल 19 दिसंबर को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड में दीपक बिल्डर्स एंड इंजीनियर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। परियोजना के तहत मौजूदा सेवाओं को अपग्रेड करने के अलावा कई नई सुविधाएं प्रदान की जानी हैं। उल्लेखनीय है कि लुधियाना रेलवे स्टेशन की शुरुआत 1860 में अंग्रेजों ने की थी। और यह पहली बार है कि तब से इतना बड़ा जीर्णोद्धार और अपग्रेड किये जाने का काम शुरू किया गया है। पिछले काफी समय से यह परियोजना अधर में लटकती आ रही थी, लेकिन अरोड़ा द्वारा किए गए ठोस प्रयासों के बाद ही इसे हरी झंडी मिली, जिन्होंने न केवल राज्यसभा में बल्कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ भी इस मामले को उठाया। अरोड़ा ने कहा कि यह परियोजना इतनी बड़ी है कि इसके पूरा होने के बाद लोग देखेंगे कि लुधियाना रेलवे स्टेशन हवाई अड्डे से मेल खाता है। उन्होंने कहा कि लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बनने वाले टर्मिनल किसी एयरपोर्ट से कम नहीं लगेंगे। उन्होंने कहा, "वह समय आने दीजिए, जब लोग महसूस करेंगे कि लुधियाना रेलवे स्टेशन के नए परिसर में प्रवेश करने के बाद वे हवाईअड्डे के परिसर में प्रवेश कर गए हैं।" इसके अलावा, अरोड़ा ने कहा कि वह नियमित रूप से परियोजना के तहत चल रहे काम की निगरानी कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सब कुछ समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि परियोजना दी गई समय सीमा के भीतर मुकम्मल हो ताकि यात्रियों और अन्य लोगों को लंबी अवधि के लिए समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने आशा व्यक्त की कि लुधियाना रेलवे स्टेशन के पूरा हो जाने पर यह शहर और इसके निवासियों के लिए एक प्रमुख संपत्ति होगी।
-Railways-Provides-Status-Report-Of-Upgradation-Of-Ludhiana-Railway-Station-To-Mp-Arora-