अमृतसर। अमृतसर में अजनाला पुलिस स्टेशन पर वारिस पंजाब दे मुखी अमृतपाल सिंह व साथियों की तरफ से की गई हिंसा मामले में पुलिस ने चालान पेश कर दिया है। यह चालान अजनाला कोर्ट में अमृतपाल सिंह के 20 साथियों के खिलाफ किया गया है। इस मामले में पुलिस ने 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी FIR दर्ज कर रखी है। मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट में पेश चालान गुरपाल सिंह व अन्य के नाम से किया गया। डिब्रूगढ़ जेल में होने के कारण वारिस पंजाब दे के मुखी अमृतपाल सिंह के खिलाफ अभी चालान पेश नहीं किया गया। जल्द ही उसके खिलाफ कोर्ट में सप्लिमेंट्री चालान पेश किया जाएगा। इस चालान में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ IPC की धाराएं 307, 353, 186, 120B और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज करने के लिए कहा गया है। पुलिस की तरफ से ASI रत्न सिंह की शिकायत को आधार बना कर पेश किए गए चालान में मुख्य गवाह के तौर पर SP जुगराज सिंह को भी रखा गया है। जिनके सिर पर 10 से अधिक टांके लगे थे। तूफान की गिरफ्तारी पर अजनाला थाने पर किया हमला 23 फरवरी को खालिस्तान समर्थक संगठन -वारिस पंजाब दे- से जुड़े हजारों लोगों ने अमृतसर के अजनाला थाने पर हमला कर दिया था। इनके हाथों में बंदूकें और तलवारें थीं। ये लोग संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। इनके हमले के बाद दबाव में आई पंजाब पुलिस ने आरोपी को रिहा करने का ऐलान कर दिया था। पुलिस ने उग्र भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन ये उन्हें तोड़कर अंदर घुस गए। इसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
Ajnala-Violence-Challan-Presented-Against-Amritpals-Associates-Attack-On-Arrest-Of-Accomplice-6-Policemen-Including-Sp-Were-Injured