यशपाल शर्मा, लुधियाना हिमाचल और पंजाब के अन्य शहरों भारी बारिश के चलते छोड़े जा रहे पानी से लुधियाना में भी अब बाढ़ की स्थिति पैदा होती दिख रही है। आज सुबह चंदननगर, उपकार नगर, कुंदन पूरी, शिव पुरी, ढोका मोहल्ला, और गौशाला सहित कई इलाकों में बुड्ढा दरिया का पानी ओवर फ्लो हो घरों और बाजारों में घुस गया। पीछे से छोड़े जा रहे पानी के चलते बुड्ढा नाला में पानी का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और इसके चलते शहर के कई इलाकों में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर शहर की डिप्टी कमिश्नर सुरभि मलिक ने बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने को तैयार होने का दावा किया है। उन्होंने शहर वासियों को सावधान रहने, जब तक आवश्यक न हो, भीड़भाड़/जलभराव वाले क्षेत्रों से बचे और घबराने की कोई आवश्यकता ना होने की बात कही है। बड़ी बात है कि पूरे राज्य और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ वाले क्षेत्रों में पिछले 2 दिनों में भारी बारिश के कारण; नदियों और नहरों में पानी का प्रवाह बढ़ गया है। नगर निगम लुधियाना और एक्सईएन ड्रेनेज की टीमें यह सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रही हैं कि शहर और जिले में जल-जमाव न हो। रोपड़ हेडवर्क्स से पानी छोड़ दिया गया है जो दोपहर तक लुधियाना सतलुज पहुंच जाएगा। आसपास की पंचायतों को अलर्ट पर रहने की सलाह दी गई है और कहा गया है कि कोई भी तटबंध के पास न जाए। इसके अलावा, बुड्ढा दरिया में प्रवाह के बढ़ते स्तर के कारण, दरिया के किनारे निचले इलाकों और घरों/झुग्गियों पर विशेष रूप से निगरानी बढ़ा दी गई है। सभी टीमें स्टैंडबाय पर हैं; सभी राजस्व अधिकारी मुनादी करवा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर राहत शिविरों के लिए ऊंची जमीन की पहचान कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद के लिए जिला प्रशासन गैर सरकारी संगठनों/औद्योगिक संघों/गुरुद्वारों के साथ भी संपर्क किया गया है।
Flood-Situation-In-Ludhiana-Budda-Drain-Water-Entered-In-Many-Areas