चंडीगढ़। पंजाब सरकार प्रदेश में होने वाले सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने के लिए जल्द ही एक योजना की शुरुआत करेगी। इसके तहत सड़क हादसों के पीड़ितों की जान बचाने वाले मददगारों को 5-5 हजार रुपए इनामी राशि दी जाएगी। यह फैसला पंजाब भवन में ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की अध्यक्षता में पंजाब राज्य सड़क सुरक्षा कौंसिल की मीटिंग में लिया गया। इस योजना के तहत मददगार व्यक्ति को अस्पताल के डॉक्टर या पुलिस द्वारा 'गुड स्मार्टियन सर्टिफिकेट' दिया जाएगा। इस सर्टिफिकेट के साथ मददगार व्यक्ति डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के माध्यम से यह धनराशि लेने योग्य होगा।
लोगों का मनोबल बढ़ाना मकसद
पंजाब राज्य सड़क सुरक्षा कौंसिल के चेयरमैन एवं मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इससे सड़क हादसों में घायल लोगों की समय रहते जान बचाने में मदद मिल सकेगी। इस योजना का प्रमुख उद्देश्य नकद पुरस्कार और सर्टिफिकेट देकर आम लोगों का मनोबल बढ़ाना है, ताकि वह सड़क हादसों के घायलों की आपात स्थिति में मदद कर सकें।
अमृतसर को 'मॉडल ट्रैफिक सिटी' बनाने पर 2.56 करोड़ जारी होंगे
मीटिंग में देश में पर्यटन के दूसरे सबसे बड़े केंद्र अमृतसर के लिए 'ट्रैफिक प्रबंधन योजना' को भी स्वीकृति दी गई। इसके तहत अमृतसर को 'मॉडल ट्रैफिक सिटी' बनाने के लिए 2.56 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे। इस राशि से 'सड़क सुरक्षा और एक्सीडेंट रिस्पांस यूनिट' गठित करने सहित यातायात प्रबंधन, एम्बुलेंस और रिकवरी वैन की खरीद के अलावा अन्य संबंधित कार्य किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्रियों के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के लागू होने से अमृतसर शहर की ट्रैफिक की समस्या दूर हो सकेगी।
बड़े जिलों को 20 और छोटे जिलों को 15 लाख दिए
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 'जिला सड़क सुरक्षा समितियों' के लिए सभी DC को पहले पड़ाव के तहत 4 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। साथ ही बड़े जिलों को 20 -20 लाख रुपए और छोटे जिलों को 15-15 लाख रुपए की राशि दी गई है। इस राशि से जिलों में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक में सुधार सहित सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता मुहिम चलाई जाएंगी।
ट्रॉमा केयर सेंटरों को दी जाएंगी नई मशीनें
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने बताया कि सड़क हादसों के पीड़ितों के लिए स्थापित किए राज्य के पांच ट्रॉमा केयर सेंटरों को जल्द नई मशीनें मुहैया कराई जाएंगी। कहा कि समर्पित संस्था और आधुनिक इमरजेंसी देखभाल सुविधाओं के जरिए 10 में से 3 जान सीधे तौर पर बचाई जा सकती हैं। राज्य में पांच ट्रॉमा केयर सेंटर खन्ना, जालंधर, पठानकोट, फिरोजपुर और फाजिल्का में बनाए गए हैं। साथ ही इन सेंटर में स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
5-Thousand-Reward-Will-Be-Given-For-Saving-Lives-Of-Injured-In-Road-Accidents-Punjab-Government-Will-Start-Scheme-Will-Get-Good-Smartian-Certificate