लुधियाना। लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने पंजाब के विधायकों की कारगुजारी की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली से आप की टीम उनका फीडबैक ले रही है। लुधियाना से इसकी शुरूआत करते हुए ऐसी ही टीम सर्किट हाउस में पहुंची। जहां 9 विधानसभा सीटों के ब्लॉक प्रधान और प्रधान बुलाए गए। जिनसे विधायकों से मिलने वाले सहयोग के बारे में पूछा गया। सूत्रों के मुताबिक इसमें लुधियाना के 4 विधायकों के बारे में नेगेटिव फीडबैक मिला है। पूर्व ब्लॉक प्रधानों ने इनके कामकाज पर सवाल उठाए हैं। ये भी चर्चा है कि यहां अकाली दल के एक दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव से पहले आप में जा सकते हैं। वहीं एक कांग्रेसी नेता भी आप में जाने के इच्छुक हैं। हालांकि आप की दिल्ली टीम उनका भी फीडबैक जुटा रही है। हालांकि पार्टी, सरकार या विधायकों के स्तर पर कोई इस बारे में औपचारिक तौर पर कुछ बताने को तैयार नहीं है।
पुराने ब्लॉक प्रधानों को सहयोग नहीं कर रहे विधायक
सूत्रों के मुताबिक इस मीटिंग में पूर्व ब्लॉक प्रधानों ने कहा कि दूसरी पार्टी से आकर आप से विधायक बने कुछ नेता सहयोग नहीं कर रहे। उन्होंने पार्टी के लगाए पुराने ब्लॉक प्रधान बदल दिए। इससे उनके बीच तालमेल नहीं हो रहा। विधानसभा सीटों में गलियां तक नहीं बन रही। वे जब पार्टी स्तर पर मामला विधायक के पास ले जाते हैं तो वह नजरअंदाज कर देते हैं। गली-मोहल्लों में इसका जवाब उन्हें देना पड़ता है। इससे पार्टी की बदनामी हो रही है।
दिल्ली भेजे जाएंगे नाम, CM लेंगे एक्शन
सूत्रों के मुताबिक टीम ने इन ब्लॉक प्रधानों को कहा कि इनके बारे में पूरी रिपोर्ट दिल्ली भेजी जाएगी। निगम और लोकसभा चुनाव में पार्टी की छवि को सुधारने के लिए इस पर बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। मीटिंग में यह भी सामने आया कि लुधियाना से जुड़ी करीब 80 फाइलें CM भगवंत मान तक पहुंच चुकी हैं। जिस पर कभी भी एक्शन हो सकता है।
ग्राउंड रियलिटी पता चले, इसलिए पुराने प्रधान बुलाए
सूत्रों के मुताबिक इस मीटिंग में पुराने ब्लॉक प्रधानों को इसीलिए बुलाया गया था ताकि ग्राउंड रियलिटी का पता चल सके। विधायकों के रखे प्रधान उन्हीं की तारीफ करते, इसलिए सरकार बनने से पहले पार्टी से जुड़े नेताओं को मीटिंग के लिए बुलाया गया था।
6 शहरी और 3 देहात क्षेत्रों पर हुई चर्चा
दिल्ली टीम ने 6 शहरी और 3 देहात के विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा की। इनमें लुधियाना सेंट्रल, नॉर्थ, ईस्ट, साउथ, वेस्ट, आत्मनगर, गिल, जगराओं और मुल्लापुर दाखा शामिल है। करीब 8 घंटे तक ये बैठक चली। जिसमें एक-एक ब्लाक प्रधान से अकेले में हाईकमान टीम के सदस्यों ने रिपोर्ट ली। सूत्रों मुताबिक कुछ ब्लाक प्रधानों को मीटिंग में आने से पहले ही विधायकों ने सही रिपोर्ट देने के लिए भी सचेत किया था।
Aap-Government-Started-Investigation-Into-The-Performance-Of-Mlas-Team-From-Delhi-Is-Investigating-Negative-Feedback-Of-4-Mlas