नगर निगम कमिश्नर की ओर से सफाई व्यवस्था दुरस्त करने के आदेशों के बावजूद वार्ड नंबर 7 से लेकर 15 तक में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। ये बात भाजपा के जिला सचिव नवल जैन ने कही। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले ही सुभाष नगर मंडल अध्यक्ष अमित रॉय और टिब्बा रोड मण्डल अध्यक्ष प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में वार्डो में चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर मेरी अगुवाई में नगर निगम कमिश्नर शेना अग्रवाल को एक ज्ञापन सौंपा गया था। निगम कमिश्नर शेना अग्रवाल ने उनको आश्वासन दिया कि पूरे वार्डो की सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी, परंतु इतने दिन बीत जाने पर भी वार्डों में स्थिति ढाक के तीन पात जैसी ही बनी हुई है। निगम कर्मचारी शेना अग्रवाल के आदेश का पालन नहीं कर रहे । उक्त शब्द जिला भाजपा सचिव नवल जैन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि वार्ड न.7 से लेकर वार्ड न.15 तक सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। वार्डो में जगह जगह लगे गंदगी के ढेर स्वच्छ भारत अभियान को मुंह चिढ़ा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड में 28 से 30 सफाई कर्मचारी है। परंतु फिर भी सफाई व्यवस्था शून्य है। मानसून आने के कारण डेंगू व मलेरिया के मच्छर पैदा हो रहे हैं। अगर सफाई व्यवस्था का यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में वार्डो में कोई भी बीमारी फैल सकती है। नवल जैन ने कहा कि वार्डो में 28 से 30 सफाई कर्मचारी होने के बावजूद भी जगह जगह लगे गंदगी के ढेर सवालिया निशान लगा रहे हैं कि सफाई के लिए सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही वार्डो में सफाई व्यवस्था के ठोस प्रबंध न हुए तो नगर निगम जोन बी के बाहर धरने प्रदर्शन किए जायेंगे। जिसकी जिम्मेवारी निगम कमिश्नर की होगी।
Orders-Of-The-Mc-Commissioner-Are-Not-Implemented-The-Cleaning-System-Of-The-Wards-Has-Failed-Naval-Jain