पटियाला। पटियाला में पावरकॉम के हेड आफिस के बाहर 2 दिन से धरने पर बैठे अप्रेंटिसो पर मंगलवार को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। माहौल उस समय गर्मा गया, जब धरने पर बैठे इन लोगों ने दूसरी सड़क को भी जाम करना शुरू कर दिया। पुलिस ने इन लोगों को चेतावनी देते हुए धरना आगे न बढ़ाने के लिए कहा लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को चोट भी लगी। 1 साल लाइनमैन की ट्रेनिंग करने के बाद बेरोजगार बैठे यह लोग दो दिन से धरना लगाकर बैठे थे लेकिन इन लोगों की किसी भी अधिकारी ने सुध नहीं ली, जिस वजह से धरना उग्र हो गया था।
बडूंगर रोड पर स्थित हाईटेंशन बिजली टावर के ऊपर चढ़े प्रदर्शनकारी
पुलिस लाठीचार्ज के बाद कई लोग जख्मी हो गए और पुलिस ने इन लोगों का टेंट भी उखाड़ दिया। धरनास्थल से खुद को बचाते हुए भागे प्रदर्शनकारी शाम को बडूंगर रोड पर हाईटेंशन तार वाली बिजली टावर पर पहुंचे और यहां पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने इन्हें नीचे उतरने के लिए अपील की लेकिन यह लोग मांगे मनवाने के बाद नीचे उतरने की जिद पर अड़े रहे। यूनियन नेता कवलजीत सिंह ने कहा कि शांत तरीके से चल रहे धरने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
बाहरी राज्य के उम्मीदवार किए भर्ती
यूनियन नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार अपने किए वायदे से मुकर गई है। 2100 लाइनमैन वाली भर्ती में से सिर्फ 1360 पोस्टों पर जॉइनिंग लेटर दिए हैं। करीब 700 बच्चे हरियाणा, राजस्थान व अन्य राज्य से रखे गए, जिनके डॉक्यूमेंट चेकिंग के बाद सिलेक्ट बच्चों की लिस्ट पीएसपीसीएल की ऑफिशियल साइट पर अपलोड नहीं की है। बाहरी राज्यों के लोगों की भर्ती की वजह से पंजाब के 600 के करीब उम्मीदवार बेरोजगार हो गए हैं।
Lathicharge-On-Job-Seekers-Outside-Powercom-Head-Office-Police-Lathicharged-When-Unemployed-People-Blocked-Second-Road-Protesters-Climbed-High-Tension-Wire