अमृतसर। कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद कनाडाई सरकार और भारत सरकार के बीच बढ़ती तल्खी पर सिखों की सबसे बड़ी संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने चिंता जाहिर की है। सिखों की मिनी संसद कही जाने वाली एसजीपीसी ने इस मुद्दे पर जल्दी ही पत्र लिखकर भारत सरकार से जवाब मांगने की बात भी कही है। SGPC के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और जनरल सेक्रेटरी गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने मंगलवार को वीडियो संदेश जारी कर विदेश में चल रहे घटनाक्रम पर चिंता जाहिर की। ग्रेवाल ने कहा कि विदेशी सरकारों की तरफ से जो खुलासे किए जा रहे हैं, SGPC उसे लेकर काफी फिक्रमंद है। हम चाहते हैं कि देश-विदेश में बैठे सिख इसे लेकर गंभीर हों। ग्रेवाल ने कहा कि SGPC जल्दी ही इन तमाम मुद्दों पर जवाब मांगने के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेगी।
इसके साथ ही SGPC ने सिखों से संयम बरतने की अपील भी की। एसजीपीसी नेताओं ने कहा कि देश-विदेश में सिखों को देशद्रोही और आतंकी कहने का जो काम चल रहा है, उसे रोका जाए। गौरतलब है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या के पीछे भारतीय एजेंसियों का हाथ होने का दावा किया। इसके साथ ही कनाडाई सरकार ने एक भारतीय डिप्लोमेट को अपने देश से भी निकाल दिया। उधर भारत सरकार ने कनाडाई पीएम के दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। भारत सरकार ने भी कनाडा के एक डिप्लोमेट को 5 दिन में देश छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है।
विदेश से उठे तीन विवादों पर SGPC ने जताई चिंता
एसजीपीसी के जनरल सेक्रेटरी गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने बताया कि हाल-फिलहाल में दूसरे देशों में हुए तीन मुद्दे SGPC की नजर में आए हैं, जो चिंता बढ़ाने वाले हैं और इनकी वजह से सिखों में असंतोष बढ़ रहा है। ग्रेवाल ने कहा कि सबसे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री ने हरदीप सिंह निज्जर की मौत का जिम्मेदार भारत सरकार को बताया है जो चिंता की बात है। ग्रेवाल ने कहा कि दूसरा मुद्दा ऑस्ट्रेलिया का है जहां ब्रिसबेन में मंदिर की दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे गए। अब ऑस्ट्रेलियाई पुलिस के एक अधिकारी ने दावा किया है कि इस घटना में भी मंदिर मैनेजमेंट का ही हाथ मिला है। तीसरा मुद्दा ब्रिटेन से जुड़ा है। ग्रेवाल ने दावा किया कि पिछले दिनों G20 सम्मेलन में भारत आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने जग्गी जोहल की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। सुनक की ओर से मुद्दा उठाए जाने पर भारत सरकार ने चुप्पी साध ली।
Sgpc-Expressed-Concern-Over-Canada-India-Dispute-Preparation-To-Seek-Answers-From-The-Government-On-The-Killing-Of-Terrorist-Nijjar-Said-Dissatisfaction-Increased-Among-Sikhs