अमृतसर। सरहद पार से आने वाली हेरोइन के बीच पाक से आई आइस (मेथमफेटामाइन) नामक ड्रग को पहली बार पंजाब पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने पाकिस्तान से इस खतरनाक ड्रग को मंगवाने और पंजाब व अन्य राज्यों में डिस्ट्रीब्यूट करने वाला आरोपी भी काबू कर लिया है। आरोपी से एक चाइना मेड पिस्टल भी रिकवर हुई है, जो इस खेप के साथ ही आई थी। पंजाब डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) गौरव यादव ने जानकारी दी कि पकड़े गए भारतीय स्मगलर की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ सिमर मान निवासी गांव गग्गड़माल अमृतसर के तौर पर हुई है। पुलिस टीमों ने आइस ड्रग की खेप को जब्त करने के अलावा उसके कब्जे से एक अति-आधुनिक .30 बोर की चाइनीज पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। प्राथमिक जांच से पता लगा है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान आधारित तस्कर पठान और आमेर के सीधे संपर्क में था, जो उसे ड्रोन के द्वारा सरहद पार से आइस ड्रग और हथियार सप्लाई कर रहे थे। आरोपी राज्य भर में आइस ड्रग की सप्लाई करता था।
छेहर्टा एरिया से किया काबू
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि राज्य में पाक आधारित स्मगलरों द्वारा भारी मात्रा में आइस ड्रग और हथियारों की खेप लाने की कोशिश संबंधी सूचना मिली। जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए DCP हरप्रीत मंडेर, ADCP सिटी-3 अभिमन्यु राणा और एसीपी वेस्ट कमलजीत औलख की निगरानी अधीन CIA स्टाफ-1 से पुलिस टीमों ने छेहर्टा क्षेत्र में व्यापक ऑपरेशन किया।
एक बार सेवन से आइस के हो जाते हैं आदी
सिमर मान को उस समय काबू कर लिया, जब वह इस खेप की डिलीवरी करने के लिए किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा था। CP भुल्लर ने बताया कि ड्रग सप्लायरों, डीलरों और उनके खरीदारों के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए अगली जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों द्वारा अब तक प्राप्त किए गए नशीले पदार्थों की कुल मात्रा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सरहद पार से आइस ड्रग के पंजाब आने का ये पहला मामला है। इससे पहले पकड़े गए आरोपियों से साधारण हेरोइन ही बरामद की जाती थी। इससे पहले आइस ड्रग को तकरीबन 5 साल पहले अमृतसर जेल से रिकवर किया गया था। ये इस कदर खतरनाक ड्रग है, जिसे एक बार सेवन करने से व्यक्ति इसका आदी हो जाता है।
Ice-Drug-Came-From-Across-The-Border-For-The-First-Time-Amritsar-Accused-Caught-Was-In-Contact-With-Pak-Smugglers-China-Made-Pistol-Also-Found