चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने तीन महीने से फरार चल रहे AIG मालविंदर सिंह सिद्धू के साथी बलबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने उसे पटियाला से दबोचा है। उस पर विजिलेंस ने भ्रष्टाचार रोको अधिनियम व जबरन वसूली की विभिन्न धाराओं के तहत अक्टूबर 2023 में मोहाली में केस दर्ज किया था। आरोप है कि वह मालविंदर सिंह के इशारे पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवाता था। साथ ही उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करता था। आरोपी को विजिलेंस ब्यूरो ने आज अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। विजिलेंस का तर्क है कि रिमांड में उससे हथियार बरामद करना है। साथ ही उसके अन्य साथियों की पहचान करनी है।
इस तरह करते थे गलत प्रयोग
विजिलेंस की जांच में सामने आया है कि AIG अपने आपको IGP विजिलेंस ब्यूरो के रूप में पेश करता था। जबकि उक्त अधिकारी 2017 के बाद भी विजिलेंस ब्यूरो में AIG या IG नहीं रहा है। आरोपी बलबीर सिंह व अन्य ने मिलकर सरकारी मुलाजिमों के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवानी शुरू की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि IG द्वारा अपने सरकारी वाहन का भी गलत तरीके से प्रयोग किया जाता था। वाहन के तेल व अन्य खर्च सरकारी खाते में डाले जाते थे। उसने कभी भी उक्त गाड़ी का रिकॉर्ड लॉग बुक में नहीं रखा।
सभी को बांटा जाता था पैसा
आरोपी बलवीर सिंह ने AIG सिद्धू के कहने पर विभिन्न विभागों में अनुसूचित जाति और स्वतंत्रता सेनानियों के कोटे के तहत भर्ती किए गए कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवाई थीं, ताकि उन पर दबाव डालकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा सके। उनसे बदले में रिश्वत ली जा सके। जिसे बाद में मालविंदर सिंह और अन्य आरोपी आपस में बांट लेते थे। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे की जांच जारी है और बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Aig-Malvinder-Singhs-Associate-Arrested-From-Patiala-He-Was-Absconding-For-Three-Months-Vigilance-Got-5-Days-Police-Remand