लुधियाना। भ्रष्टाचार करते हुए पाए गए पीआरटीसी के सब इंस्पेक्टर और एक कंडक्टर को पीआरटीसी चेयरमैन रणजोध सिंह हडाना ने सस्पेंड कर दिया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर पीआरटीसी की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम शुरू की गई है। इस संबंध में पीआरटीसी के चेयरमैन और आप प्रदेश सचिव रणजोध सिंह हडाना विभाग की चेकिंग टीम के साथ लगातार पंजाब के विभिन्न डिपो की जांच कर रहे हैं। हडाना ने बताया कि चेकिंग के दौरान जगरूप सिंह सब इंस्पेक्टर लुधियाना डिपो व सतिंदरपाल सिंह कंडक्टर लुधियाना डिपो को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा सुषमा शर्मा इंस्पेक्टर, सम्मी कंडक्टर, हरप्रीत सिंह ग्रेवाल चीफ इंस्पेक्टर, वरुण शर्मा क्लर्क से जवाबतलबी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह लगातार कर्मचारियों से ईमानदारी और मेहनत से काम करने की अपील कर रहे है। फिर भी अगर कोई कर्मचारी भ्रष्टाचार करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। चेयरमैन हडाना ने कहा कि विभाग के कामकाज में सुधार, आय बढ़ाने और जन-हितैषी सुविधाएं बेहतर करने के लिए उनके द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस संबंध में बीते दिन लुधियाना डिपो की जांच की गई थी। जिसमें मौके पर बस पास और ऑनलाइन काउंटर बुकिंग के रिकॉर्ड में बड़ी सेंधमारी की बात सामने आई। हडाना ने कहा कि बस पास मामले की हर पहलू से जांच की गई, इसमें बस पास की संख्या, रसीदें, जारी किए गए बस पास के बारे में रजिस्टर में प्रविष्टियां, होलोग्राम की सटीक संख्या आदि के बारे में विस्तृत जानकारी वास्तविक अपराधी को पकड़ने में महत्वपूर्ण थी।
Prtc-Depot-Sub-Inspector-And-Conductor-Suspended-Answers-Sought-From-4-Officers-Deficiencies-Found-In-Bus-Pass-And-Booking