लुधियाना | हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में मंगलवार सुबह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने रेड की है। गैंगस्टर-आतंकी कनेक्शन की जांच के लिए 30 लोकेशन पर एक साथ सर्च चल रही है। शुरुआती सूचना के अनुसार, पंजाब के मोगा और फरीदकोट में भी NIA की टीमें पहुंची हैं। सुबह तकरीबन 5-6 बजे टीमें स्थानीय पुलिस के साथ पहुंच गईं। फरीदकोट के कोटकपूरा में नरेश कुमार उर्फ गोल्डी के घर पर टीमें पहुंची हैं। टीमें घर खंगाल रही हैं। NIA ने गोल्डी के किसी रिश्तेदार से मिले डॉक्यूमेंट्स के आधार पर रेड की है। मोगा के बिलासपुर गांव में टीम तकरीबन 22 साल के नौजवान रविंदर सिंह से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी को पता चला था कि विदेशों में बैठे आतंकवादी संगठन देश के उत्तरी राज्यों में हत्याओं और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के लिए नेताओं और संगठित आपराधिक गिरोहों के सदस्यों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। तब NIA ने 20 सितंबर 2022 को खुद ही एक मामला दर्ज किया था। यह भी सामने आया था कि आतंकी-गैंगस्टर-ड्रग तस्कर नेटवर्क बंदूक चलाने वालों, अवैध हथियार और गोला-बारूद बनाने वालों के माध्यम से सीमा पार आतंकवादी हार्डवेयर, जैसे हथियार, गोला-बारूद विस्फोटक, IED आदि की तस्करी में लगा हुआ था। इसको लेकर NIA पहले ही विभिन्न गिरोह के 19 सदस्य, 2 हथियार सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े एक बड़े फाइनेंसर को गिरफ्तार कर चुकी है। 6 जनवरी को NIA ने देश में आतंकवादी-गैंगस्टर-ड्रग तस्कर गठजोड़ को तोड़ने के मकसद से बड़ा कदम उठाया और खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संगठित आतंकी-गैंगस्टर सिंडिकेट के सदस्यों की मलकियत वाली चार संपत्तियों को जब्त कर लिया था। गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के प्रावधानों के तहत हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में NIA टीमों द्वारा समन्वित छापेमारी में संपत्तियों को कुर्क किया गया। जिनमें से तीन अचल और एक चल थी। NIA ने जांच में पाया कि ये सभी संपत्तियां आतंकवाद की आमदन से प्राप्त थी और इनका इस्तेमाल आतंकी साजिश रचने व गंभीर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जाता है।
Nia-Raid-In-Punjab-Haryana-And-Chandigarh-Investigation-Into-Gangster-Terrorist-Connection-Teams-Reached-30-Places-Including-Moga-Faridkot