ई न्यूज़ पंजाब, लुधियाना। सीनियर अकाली नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को एक ना काबिल मंत्री करार देते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह एयाली के घर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजीठिया ने कहा कि सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने बठिंडा में राज्य की समस्याओं के लिए मनप्रीत बादल को जिम्मेदार माना। राज्य की हालत को कांग्रेस के सांसद ही बयान कर रहे हैं। निलम्बित डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों का समर्थन करने की बात बोलते हुए कहा कि डीएसपी ने पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के आदेशों पर जांच शुरू की थी। अब इसमें लुधियाना का मंत्री फंस गया, तो डीएसपी पर कार्रवाई कर दी और अब डीएसपी की तरह कार्रवाई करने की धमकियां दी जा रही हैं।भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि विधायक निर्मल सिंह शतराना खुद कह चुके हैं कि उनसे रिश्वत मांगी जा रही है और मंत्री कार्रवाई नहीं कर रहे। जेल मंत्री सुखजिन्दर सिंह रन्धावा पर आरोप लगाया कि जेल में बंद जग्गू भगवानपुरिया से रन्धावा के सम्बंध हैं, जिन्होंने उससे कोर्ट में रिट लगवाई।नागरिकता संशोधन बिल पर कहा कि इसमें धर्म के आधार पर पक्षपात नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में सबको अपना पक्ष रखने का अधिकार है। सरकार को उन्हें सुनना चाहिए। शामलाट जमीनों पर उन्होंने सरकार पर अपने नजदीकियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। जिस पर हाईकोर्ट भी नोटिस ले चुका है।सीनियर अकाली नेता महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि भारत भूषण आशु मंत्री रहने के काबिल नहीं हैं। आढ़तियों को उनके पैसे नहीं मिले। डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों की रिपोर्ट पर आशु पर केस दर्ज होना चाहिए। चीमा ने भी वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर हमला बोला और उन्हें नाकाबिल मंत्री करार दिया। जिसके गवाह खुद सांसद बिट्टू बन गए हैं। विधायक मनप्रीत सिंह एयाली ने दावा किया कि बीते दिनों उनके हलके में आए कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने खुद माना कि सरकार के पास पंचायत को देने के लिए पैसा नहीं है।
Sad-Press-Conference