यशपाल शर्मा, लुधियाना पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आज लुधियाना दौरे के दौरान एक बार फिर से बेअदबी व नशे के मुददे पर अकाली नेताओं पर निशाना साधते दिखे। उन्होंने साफ कर दिया कि चाहे कोई कितना भी संपन्न क्यों न हो, लेकिन पापों के लिए उसे कानून मुताबिक सजा मिलेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर उस व्यक्ति को सजा देने के लिए बाध्य है जिसने राज्य और उसके लोगों के खिलाफ कोई भी पाप किया है। चन्नी ने ये बात लुधियाना के ईस्ट विधासभा में रविदास सभागार, ईस्ट एंड क्लब, स्टेटिक कम्पेक्टर, एग्जीबिशन सेंटर स्पेशल पार्क की आधारशिला रखने के बाद एक सभा को संबोधित करते कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन माफिया, बेअदबी, सिंचाई घोटाला या पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में शामिल लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कानून के हिसाब से सजा दी जाएगी. सीएम चन्नी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि पापियों को उचित सजा मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति चाहे वह कितना भी संपन्न क्यों न हो, इन पापों के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानवता के खिलाफ इन अपराधों में शामिल राजनीतिक व्यक्तियों को भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सीएम चन्नी ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के इन दोषियों को सलाखों के पीछे डालने के लिए बाध्य है। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर पाखंड के लिए लताड़ लगाते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से सत्ता हथियाने की उनकी नापाक योजनाओं से सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के वादे झूठ के बंडल हैं जो हर राज्य में अलग-अलग होते हैं। उदाहरण देते हुए सीएम चन्नी ने कहा कि पंजाब में वह महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये भत्ता देने का वादा कर रहे हैं लेकिन गोवा में उनके द्वारा वादा किया गया भत्ता 5000 रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तव में यह केजरीवाल एंड कंपनी का संदिग्ध चरित्र है और लोगों को इससे सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत राज्य सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए अथक प्रयास कर रही है। सीएम चन्नी ने कहा कि आम आदमी की भलाई के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें राज्य की सेवा करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि मैं राज्य के हर आम आदमी के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहा हूं। इससे पूर्व विधायक श्री संजय तलवार ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु, पंजाब वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन और विधायक कुलदीप सिंह वैद, विधायक सुरिंदर डावर, मेयर बलकार सिंह और अन्य उपस्थित थे।
Stern Action Against Perpetrators Of Mining Desecration And Irrigation Scam Soon Says Cm