पंजाब के विभिन्न मुददों को लेकर पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा का केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात का सिलसिला जारी है। जहां उन्होंने कल केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की थी, वहीं आज उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण से मुलाकात की। अरोड़ा ने इस मुलाकात को -शिष्टाचार भेंट- बताया। हालांकि, उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि बैठक बहुत उपयोगी साबित हुई। इससे पहले वीरवार को उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर उनसे अनुरोध किया कि लुधियाना और दिल्ली के बीच साहनेवाल हवाई अड्डे से तत्काल प्रभाव से उड़ानें शुरू की जाएं जब तक कि हलवारा हवाईअड्डा काम करना शुरू न कर दे। अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि साहनेवाल हवाई अड्डे से लुधियाना और दिल्ली के बीच उड़ानें महामारी से पहले चल रही थीं। उन्होंने कहा कि शहर के लिए कोई फ्लाइट नहीं होने से स्थानीय कारोबारी समुदाय और आम जनता बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह अनुरोध पर गौर करेंगे और कहीं न कहीं से यह सुनिश्चित करेंगे कि कनेक्टिविटी हो जाए ताकि उड़ान चालू हो सके। अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के साथ हलवारा हवाई अड्डे के बारे में भी चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि हलवारा टर्मिनल का काम तत्काल शुरू किया जाए और रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाए। इस बीच, अरोड़ा ने नागरिक उड्डयन सचिव राजीव बांसल से भी मुलाकात की और साहनेवाल फ्लाइट और हलवारा एयरपोर्ट दोनों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लुधियाना के लोगों को जल्द एयरपोर्ट की सुविधा देने उनका सबसे अहम लक्ष्य है।
Sanjeev Arora Mp Calls On Union Fm Sitharaman