आम आदमी पार्टी सरकार ने जहां कुछ दिन पहले पंजाब की दस इंप्रूवमेंंट ट्रस्टों में नए चेयरमैनों का एलान किया था, वहीं आज पंजाब की 9 इंप्रूवमेंट ट्रस्टों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। अब इसके लिए केवल मुख्यमंत्री भगवंत मान की अनुमति का इंतजार है और फाइल उनके टेबल पर भेज दी गई है। स्थानीय निकाय मंत्री इंद्रबीर सिंह निज्जर ने सरकार द्वारा इंप्रूवमेंट ट्रस्टों को बंद करने की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक स्थानीय निकाय विभाग ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट कोटकपूरा, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट खन्ना, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट नंगल, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट समाना, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मलेरकोटला, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट राजपुरा, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अबोहर, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट करतारपुर और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मच्छीवाड़ा को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जाता है कि ये इंप्रूवमेंट ट्रस्ट घाटे में चल रही थी और स्टाफ का वेतन तक निकालना मुश्किल हो रहा था। करीब दस साल पहले पंजाब के तत्कालीन डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने भी इंप्रूवमेंट ट्रस्टों को बंद करने का जिक्र किया था, लेकिन शिअद व भाजपा गठबंधन की सरकार थी, इसलिए तब ये फैसला सिरे नहीं चढ़ पाया था। बड़ी बात है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सत्ता में आने के छह से सात महीने के बीच ही दस इंप्रूवमेंट ट्रस्टों के चेयरमैन का एलान तो कर दिया, लेकिन अभी तक इसकी नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई है।
Aam Aadmi Party Government Decided To Close 9 Improvement Trusts Of Punjab