लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के एक एक्सईएन की ओर से बिना स्टेशन लीव शहर छोड़ने की शिकायत पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और चीफ सेक्रेटरी के पास पहुंच गई है। यह शिकायत आरटीआई कर्ता अरविंद शर्मा की और से ट्रस्ट एक्सईएन अमृतपाल सिंह के खिलाफ की गई है। अपनी शिकायत में अरविंद शर्मा ने कहा है कि नियमों के तहत किसी भी अफसर या कर्मचारी को अपना ड्यूटी वाला स्टेशन छोड़ने से पहले संबंधित हाई अथॉरिटी से मंजूरी लेनी होती है, लेकिन एक्सईएन एपी सिंह बिना मंजूरी लिए रोजाना लुधियाना से पटियाला अप डाउन कर इन नियमों की धजिया उड़ा रहा है। अरविंद शर्मा ने दावा करते कहा है कि अगर एपी सिंह की मोबाइल लोकेशन खंगाली जाए तो यह साफ हो जाएगा कि ड्यूटी के दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे एपी सिंह लुधियाना ऑफिस में होता है और इसके बाद देर शाम से सुबह तक उसकी लोकेशन पटियाला की रहेगी। एपी सिंह का पटियाला में घर है और इसके चलते वह रोजाना बिना स्टेशन लीव लिए ड्यूटी छोड़ अपने निजी वाहन से लुधियाना से पटियाला निकल जाता है। उन्होंने इसका पूरा सच जानने के लिए एपी सिंह की मोबाइल की पिछले 1 महीने की लोकेशन जांचने की मांग करते हुए कहा कि इससे साफ हो जाएगा की एपी सिंह कब लुधियाना में होता है और कब पटियाला में रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद संबंधित अफसर से यह ब्योरा जुटाया जाए कि एपी सिंह को कितनी बार स्टेशन लीव की मंजूरी दी गई है। उन्होंने सीएम और चीफ सेक्रेटरी से मांग की है कि एपी सिंह पर तुरंत नियमों के तहत अनुशासनिक कार्रवाई की जाए।
Improvement Trust Xen Complaint To Cm Leaving The City Without Taking Station Leave