यशपाल शर्मा, लुधियाना, 7 दिसंबर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता तरसेम सिंह भिंडर ने बुधवार को स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर और बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ की उपस्थिति में लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट (एलआईटी) के चेयरमैन का पदभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद भिंडर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेतृत्व को धन्यवाद दिया। भिंडर ने कहा कि वह पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे और लुधियाना के लोगों के लिए एक पारदर्शी, जवाबदेह और उत्तरदायी प्रशासन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुविधा के लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे और उनकी शिकायतों के निवारण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लुधियाना में लोगों को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा मुहैया कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। तरसेम सिंह भिंडर के बडे़ काफिले के साथ ओपन जीप में ईस्ट विधानसभा विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल के साथ इंप्रूवमेंट ट्रस्ट आफिस करीब सवा 11 बजे पहुंचे, जबकि स्थानीय निकाय मंत्री डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर करीब साढे़ दस बजे ही ट्रस्ट आफिस पहुंच गए थे। चेयरमैन भिंडर ने स्पष्ट रूप से कहा कि लोगों को सेवाएं प्रदान करने में भ्रष्टाचार और अक्षमता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। भिंडर ने इस दौरान साफ किया कि उनका कोई वर्कर या वे खुद किसी घोटाले में लिप्त होंगे तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए, ये ही आम आदमी पार्टी की सोच भी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कैबिनेट मंत्रियों ने भरोसा जताया कि तरसेम सिंह भिंडर लोगों को प्रभावी सेवाएं देंगे और लुधियाना शहर के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल, अशोक पराशर पप्पी, मदन लाल बग्गा, कुलवंत सिंह सिद्धू, गुरप्रीत बस्सी गोगी, मार्कफेड के अध्यक्ष अमनदीप सिंह मोही, पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष सुरेश गोयल और अन्य शामिल थे।
Tarsem Singh Bhinder Assumes Charge As Lit Chairman