मंडी गोबिंदगढ़। पंजाब में शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को मंडी गोबिंदगढ़ में आकर रुक गई है। अब बुधवार दोपहर 3 बजे मंडी गोबिंदगढ़ के खालसा ग्राउंड से खन्ना के लिए निकलेगी। इस बीच अब राहुल गांधी थोड़ा आराम करेंगे। इस यात्रा के दौरान जहां सीनियर कांग्रेस लीडर सचिन पायलट पहुंचे, वहीं किसान नेता योगेंद्र यादव ने भी राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाया। पंजाब में यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने सबसे पहले छोटे साहिबजादों की याद में बने फतेहगढ़ साहिब स्थित गुरुद्वारे में माथा टेका। इसके बाद वह रोजा शरीफ में माथा टेकने गए। आज उन्होंने लाल रंग की पगड़ी पहनी है, जिसे पहनकर वह यात्रा में भी चल रहे हैं। कल केसरी रंग की दस्तार सजाई थी। सबसे ज्यादा सुरक्षा पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा में अब तक पंजाब में राहुल को सबसे ज्यादा सिक्योरिटी दी गई है। जिसमें आगे-पीछे और दोनों किनारों पर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा घेरा बना रखा है। यात्रा की शुरूआत के संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि देश में नफरत फैलाई जा रही है। RSS-BJP के लोग एक धर्म को दूसरे, एक भाषा को दूसरे से लड़ाने में लगे हैं। उन्होंने देश का माहौल बिगाड़ दिया है। हमें देश को दूसरा रास्ता मोहब्बत, एकता व भाईचारे का रास्ता दिखाना चाहिए। राहुल गांधी के भाषण की 4 बड़ी बातें भारत जोड़ो यात्रा 3 हजार किमी चल चुकी है। कश्मीर में यह यात्रा खत्म होगी। मगर यह कोई बड़ी बात नहीं। पंजाब का हर एक किसान हमसे ज्यादा चलता है। वह कन्या कुमारी से नहीं चलता, लेकिन वह अपने खेत में व मंडी तक जाता है। इस यात्रा के दौरान किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों, बच्चों- बूढ़ों से बात हुई। काफी कुछ सीखने को मिला। यह बोलने की यात्रा है, रोज 25KM चलते हैं। लोगों को सुनते हैं और अंत में सिर्फ 10-15 मिनट बोलते हैं। देश के नफरत, अहिंसा, बेरोजगारी यह मुद्दे हैं जिन्हें उठाना है। राहुल गांधी ने मीडिया को कोसते हुए कहा कि वे उनकी बात नहीं रख रहे। हमेशा प्रधानमंत्री का चेहरा दिखाते हैं। बेरोजगारी व महंगाई की बात नहीं उठाते। यह यात्रा जैसे-जैसे आगे गई, मीडिया ने अगला पड़ाव कठिन बताया। लेकिन हर जगह बेहतर रिस्पॉन्स मिला। बीजेपी के लोग जो डर नफरत फैला रहे हैं, वे देश की हिस्ट्री नहीं है। यह देश प्यार व भाईचारे का देश है। यही कारण है कि यात्रा सफल हो रही है। यात्रा के अपडेट्स अभी यात्रा सरहिंद से चल रही है। थोड़ी देर में इसका मॉर्निंग ब्रेक होगा। सरहिंद की दाना मंडी में फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भुपिंदर हुड्डा ने पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को यात्रा का फ्लैग सौंपा। कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में दो घंटे की देरी से 8 बजे शुरू हुई।
Bharat Jodo Yatra Reached Mandi Gobindgarh Rajasthan Leader Sachin Pilot Also Reached Security In Three Layers